हरियाणा कर्मचारियों की 2025-26 की जीपीएफ वार्षिक विवरणी ऑनलाइन जारी
प्रधान महालेखाकार की वेबसाइट और डिजीलॉकर पर उपलब्ध हुई विवरणी
चंडीगढ़, 28 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा सरकार के कर्मचारियों और हरियाणा कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 की सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) की वार्षिक विवरणी जारी कर दी गई है। प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी) कार्यालय ने विवरणी अपनी आधिकारिक वेबसाइट के साथ-साथ डिजीलॉकर पर भी उपलब्ध करा दी है।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार जीपीएफ अभिदाता प्रधान महालेखाकार (एंड ई) कार्यालय की वेबसाइट पर अपने सीरीज़ कोड, जीपीएफ खाता संख्या और कर्मचारी पिन/पासवर्ड के माध्यम से विवरणी डाउनलोड कर सकते हैं। कर्मचारियों की सुविधा के लिए यही विवरणी डिजीलॉकर पर भी उपलब्ध कराई गई है। प्रवक्ता ने बताया कि डिजीलॉकर के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2023-24 और उसके बाद की जीपीएफ वार्षिक विवरणियां भी डाउनलोड की जा सकती हैं।
इससे कर्मचारियों को रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और जरूरत पड़ने पर आसानी से उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। यदि किसी कर्मचारी को विवरणी डाउनलोड करने या जीपीएफ से संबंधित किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो कार्यालयीन समय में हेल्पलाइन नंबर 0172-3503960 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ई-मेल के माध्यम से भी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा