सोनीपत: सरकार एमएसपी पर एक-एक दाने की कर रही खरीद: डाॅ अरविंद शर्मा
सोनीपत, 12 अप्रैल (हि.स.)। सहकारिता
मंत्री डाॅ अरविंद शर्मा ने अनाज मंडी गोहाना का औचक निरीक्षण कर गेहूं खरीद व्यवस्थाओं
का जायजा लिया। उन्होंने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में
सरकार किसानों की फसल के एक-एक दाने की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर सुनिश्चित कर
रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को बायोमेट्रिक प्रवेश पास से लेकर
खरीद और उठान तक किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण
के दौरान मंत्री ने मंडी में विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर गेहूं की ढेरियों की मापतोल
जांची और नमी निर्धारित पैमाने पर परखी। उन्होंने बाजार समिति और खरीद से जुड़ी एजेंसियों
हैफेड तथा गोदाम विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता और समयबद्ध
ढंग से पूरी की जाए। किसानों और आढ़तियों को किसी प्रकार की दिक्कत न आने देने पर विशेष
जोर दिया गया।
उन्होंने
संबंधित अधिकारियों को ठेकेदार एजेंसी के साथ समन्वय बनाकर समय पर गेहूं उठान सुनिश्चित
करने को कहा। मंडी में साफ-सफाई, तौल व्यवस्था और रिकॉर्ड संधारण को भी दुरुस्त रखने
के निर्देश दिए गए ताकि किसानों को सुगम वातावरण मिल सके।
उन्होंने
मार्किट कमेटी सचिव सुरेश कुमार, हैफेड मैनेजर ज्योति, वेयरहाउस मैनेजर रेणु को ठेकेदार
एजेंसी के साथ मिलकर समय पर गेहूं उठान को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। इस अवसर
पर मार्किट कमेटी गोहाना प्रधान कृष्ण सैनी, उपप्रधान राजेंद्र गिरधर, गोहाना अनाज
मंडी प्रधान श्याम लाल वशिष्ठ, रामधारी जिंदल, रमेश अग्रवाल, पवन शर्मा, राजा भावड,
दिलबाग कटवाल, रणबीर शर्मा, बिजेंद्र देशवाल, कृष्ण शर्मा, संदीप गर्ग, संदीप शर्मा,
सुरेंद्र गर्ग, राममेहर रोहिल्ला, जयभगवान शर्मा आदि उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना