नूंह में युवाओं को ध्यान में रखकर बढ़ाएं रोजगार के अवसर:असीम घोष
नूंह, 01 मई (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने नूंह जिले के विकास को नई दिशा देने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया। शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित इस बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले के समग्र विकास के लिए केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और समन्वित क्रियान्वयन भी आवश्यक है।
राज्यपाल ने प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर नागरिक को उचित सुनवाई मिले और उसकी समस्या का संतोषजनक समाधान हो, जिससे जनता और प्रशासन के बीच विश्वास मजबूत हो सके। साथ ही उन्होंने फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने पर भी बल दिया।
बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने पर जोर
राज्यपाल ने सरकारी कार्यालयों, अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को और अधिक सुदृढ़ करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि सरकारी भवन केवल संरचनाएं नहीं, बल्कि सरकार और जनता के साझा प्रयासों का प्रतीक होते हैं। ऐसे में इनमें कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों को सकारात्मक कार्य वातावरण बनाते हुए जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना चाहिए।
शिक्षा में गुणवत्ता और अवसरों का विस्तार जरूरी
शिक्षा क्षेत्र को लेकर राज्यपाल ने विशेष चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पर्याप्त शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यार्थियों में अंग्रेजी व आधुनिक विषयों की समझ विकसित करना अत्यंत जरूरी है। स्कूलों में बढ़ती ड्रॉपआउट दर को गंभीर विषय बताते हुए इसे कम करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण युवाओं को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। महिलाओं की शिक्षा और उनकी भागीदारी बढ़ाने को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई।
स्वास्थ्य सेवाओं और कानून-व्यवस्था पर फोकस
स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए राज्यपाल ने अस्पतालों में सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टरों और स्टाफ की उपलब्धता तथा आपातकालीन सेवाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ये दोनों विभाग जिले के विकास की रीढ़ हैं। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को शांति, स्थिरता और जनविश्वास कायम रखने के निर्देश दिए गए।इससे पूर्व राज्यपाल ने लघु सचिवालय के नवीनीकृत सभागार का उद्घाटन किया और नूंह आगमन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया। यह दौरा न केवल प्रशासनिक सक्रियता का संकेत है, बल्कि नूंह जिले को विकास की नई दिशा देने की प्रतिबद्धता भी दर्शाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया