हरियाणा के राज्यपाल पंचकूला तो मुख्यमंत्री गुरुग्राम में करेंगे ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस पर मंत्रियों, सांसदों व विधायकों की लगी ड्यूटी
प्रदेश के 23वें नये जिले में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल होंगे मुख्यातिथि
चंडीगढ़, 20 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा में गणतंत्र दिवस के अवसर पर इस बार 26 जनवरी के प्रदेश स्तरीय आयोजन पंचकूला में होगा। यहां राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ध्वजारोहण करेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुग्राम के आयोजन में मुख्यातिथि होंगे। ‘एट होम’ का आयोजन चंडीगढ़ स्थित हरियाणा लोकभवन (राजभवन) में होगा।
प्रदेश सरकार की तरफ से मंगलवार को जारी सूचना के अनुसार प्रदेश के सभी 23 जिला मुख्यालयों के अलावा उपमंडल स्तर पर भी बड़े आयोजन होंगे। हरियाणा के नये और 23वें जिले हांसी में पहली बार जिला स्तर पर गणतंत्र दिवस समारोह होगा। यहां केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ध्वजारोहण करेंगे। हरियाणा के मुख्यमंत्री रहते हुए मनोहर लाल ने ही हांसी को पुलिस जिला बनाया था। हांसी को जिला बनाने में भी उनकी अहम भूमिका रही है।
अंबाला में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा, भिवानी में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, चरखी दादरी में सांसद धर्मबीर सिंह, फरीदाबाद में स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, फतेहाबाद में हरियाणा विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण लाल मिड्ढा, हिसार में शिक्षा एवं संसदीय कार्य मामले मंत्री महिपाल सिंह ढांडा तथा झज्जर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर ध्वजारोहण करेंगे।
जींद में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चाैधरी, कैथल में सांसद नवीन जिंदल, करनाल में विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, कुरुक्षेत्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, महेंद्रगढ़ में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह, नूंह में सांसद सुभाष बराला, पलवल में सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पानीपत में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार तथा रेवाड़ी में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्यातिथि होंगे।
रोहतक में सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, सिरसा में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल, सोनीपत में कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, यमुनानगर में ऊर्जा मंत्री अनिल विज राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। नारायणगढ़ में मंडल आयुक्त, बराड़ा में उपमंडल अधिकारी (नागरिक), लोहारू में बवानी खेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, तोशाम में जिला परिषद, चरखी दादरी के चेयरमैन मनदीप डालावास, सिवानी में भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बाढड़ा में स्थानीय विधायक उमेद सिंह पातूवास गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। सरकार ने विधायकों की डयूटी उनके हलकों में लगाई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा