हिसार : रसोई गैस सिलेंडर को लेकर भाजपा सरकार के दावे खोखले : विरेंद्र नरवाल

 


हिसार, 13 मार्च (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के

प्रदेश कार्यालय प्रभारी विरेंद्र नरवाल ने घरेलू एलपीजी की कीमतों में 60 रुपये की

बढ़ोतरी को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इस कदम से आम लोगों

पर वित्तीय बोझ बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि कीमतों में बढ़ोतरी से नागरिकों में परेशानी

पैदा हो गई है और चिंता बढ़ गई है कि आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें

भी बढ़ सकती है।

विरेन्द्र नरवाल ने शुक्रवार काे कहा कि यह आश्चर्यजनक है

कि सरकार के मंत्रियों ने हाल ही में दावा किया था कि पर्याप्त स्टॉक है और कीमतें

नहीं बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि एक ओर मोदी सरकार के मंत्री दावा कर रहे थे कि उनके

पास पर्याप्त स्टॉक है और कीमतें बिल्कुल नहीं बढ़ेंगी। 24 घंटे के भीतर, सरकार का

बयान झूठा साबित हो गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामी के कारण आज देश व

प्रदेश में रसोई गैस के लिए गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइनें लगी हुई हैं, लेकिन

लोगों को गैस नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि ब्लैक में गैस खुली मिल रही है।

विरेंद्र नरवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के रसोई

गैस सिलेंडर को लेकर सभी दावे जुमले साबित हो रहे हैं, जिसका खामियाजा आम जनता खासकर

गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस पहले ही लगातार महंगी

होती जा रही है। ऐसे में यदि सप्लाई में किसी प्रकार की अनिश्चितता पैदा होती है तो

इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ता है। आज के समय में घरेलू खर्च

संभालना आम परिवारों के लिए पहले ही मुश्किल हो चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर