हिसार: भाजपा-कांग्रेस के राजनीतिक अभियानों में दब गए युवाओं के रोजगार और शिक्षा के सवाल: संपत सिंह

 


इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक ने दोनों दलों पर लगाया जनसमस्याओं से ध्यान भटकाने

का आरोप

बेरोजगारी, नशा, अपराध और किसानों की बदहाली पर सरकार को घेरा

हिसार, 05 नवंबर (हि.स.)। इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो.

संपत सिंह ने भाजपा और कांग्रेस पर प्रदेश के युवाओं के वास्तविक मुद्दों को राजनीतिक

बहस के पीछे धकेलने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा

उठा रही है, जबकि भाजपा अराजकता और कानून-व्यवस्था को लेकर अभियान चला रही है। दोनों

दलों के राजनीतिक टकराव में युवाओं के रोजगार, शिक्षा और भर्ती प्रक्रिया से जुड़े

सवाल पीछे छूट गए हैं।

प्रो. संपत सिंह ने गुरुवार काे जारी बयान में कहा कि जेन-जी युवाओं ने शुरुआत में पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया

में अनियमितताओं, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की खामियों और शैक्षणिक संस्थानों में

बुनियादी सुविधाओं की कमी जैसे मुद्दे उठाए थे। इन सवालों ने हरियाणा सहित पूरे देश

का ध्यान आकर्षित किया, लेकिन भाजपा और कांग्रेस ने अपने राजनीतिक हितों के चलते बहस

की दिशा बदल दी। उन्होंने नई दिल्ली में कांग्रेस की रैली और भाजपा के लोकतंत्र बचाओ,

अराजकता हटाओ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि दोनों दलों के कार्यक्रमों से जनता

का ध्यान ज्वलंत समस्याओं से हट रहा है। उनके अनुसार प्रदेश के युवाओं के सामने बेरोजगारी,

शिक्षा सुविधाओं की कमी, नशा माफिया का प्रभाव, बढ़ते अपराध, महंगाई और सरकारी तंत्र

में भ्रष्टाचार जैसी गंभीर चुनौतियां हैं। सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का मुद्दा भी लगातार

अनदेखा किया जा रहा है।

प्रो. संपत सिंह ने किसानों की समस्याएं उठाते हुए कहा कि प्रदेश में खाद

और गुणवत्तापूर्ण बीजों की कमी के कारण किसान परेशान हैं। कई किसानों को अपनी फसल न्यूनतम

समर्थन मूल्य से कम दाम पर बेचनी पड़ रही है, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं का समाधान

नहीं कर रही।उन्होंने कहा कि जनता को वास्तविक जन आंदोलनों और राजनीतिक दलों के स्वार्थों

से प्रेरित अभियानों के बीच अंतर समझना चाहिए। भाजपा सरकार और कांग्रेस दोनों से जवाबदेही

तय करने वाले सवाल पूछे जाने चाहिए, ताकि राजनीतिक विवादों की आड़ में जनसमस्याओं की

अनदेखी न हो। उन्होंने कहा कि इनेलो युवाओं, किसानों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को

प्रमुखता से उठाने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर