हिसार : अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में कैंसर अस्पताल की मंजूरी दे सरकार : बजरंग गर्ग
अग्रोहा में टेक्सटाइल हब और इंडस्ट्रियल जोन
बनाने की मांग
नारनौंद में वैश्य समाज की बैठक में वक्ताओं ने
रखे विचार
हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। वैश्य समाज के प्रतिनिधियों
की गुरुवार काे नारनौंद में अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं हरियाणा
प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में बैठक हुई। बजरंग गर्ग ने कहा कि
सरकार को अग्रोहा के विकास के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सरकार से अपने वादे
के अनुसार अग्रोहा में टेक्सटाइल हब और इंडस्ट्रियल जोन स्थापित करने की मांग की, ताकि
क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें।
उन्होंने कहा कि सरकार को अग्रोहा मेडिकल
कॉलेज में कैंसर अस्पताल को मंजूरी देने के साथ अग्रोहा को पर्यटन स्थल के रूप में
विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अग्रोहा का ऐतिहासिक और सामाजिक महत्व है तथा इसके
विकास से क्षेत्र को आर्थिक रूप से भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन
ने जरूरतमंद व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक ईंट, एक मुद्रा देने की
परंपरा शुरू की थी। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवार को मकान बनाने और व्यापार शुरू करने
में सहयोग देना था। उन्होंने कहा कि आज भी समाज के संपन्न लोगों को जरूरतमंद परिवारों,
गरीब विद्यार्थियों, बेरोजगार युवाओं और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद के लिए आगे
आना चाहिए। समाज की वास्तविक ताकत एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होने में है।
बजरंग गर्ग ने कहा कि अग्रोहा धाम के नेतृत्व
में देश और प्रदेश के वैश्य समाज को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अग्रोहा
धाम में 25 अक्टूबर को 43वां विशाल वार्षिक मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें देशभर से
लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। बैठक में व्यापार मंडल प्रधान राजवीर जैन, युवा
राष्ट्रीय संयोजक अनंत अग्रवाल, प्रदेश सहसचिव निरंजन गोयल, युवा प्रदेश प्रभारी राहुल
गर्ग, देवेंद्र व्यास, राकेश गर्ग, सुरेंद्र जिंदल, प्रकाश मित्तल, बजरंग लाल गर्ग,
राकेश मिगलानी, सुभाष जांगड़ा, मुकेश मदान, सुनील सहित अन्य प्रतिनिधियों ने अपने विचार
रखे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर