हिसार : बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग बढ़ी, सरकार संभाल रही स्थिति : मनोहर लाल
तेल की कीमतें रोकना
सरकार के वश की नहीं, तेल खपत कम करें लोग
डॉ. कमल गुप्ता
के आवास पर पहुंचकर मनोहर लाल ने जाना परिवार का हालचाल
हिसार, 25 मई (हि.स.)।
केंद्रीय ऊर्जा एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि देश में बढ़ती गर्मी के बीच बिजली की मांग बढी है
लेकिन सरकार पूरी तरह स्थिति संभाल रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में देश की
बिजली मांग 250 गीगावाट तक पहुंची थी, जबकि इस बार 21 मई को 270.8 गीगावाट की अब तक
की सबसे अधिक पीक डिमांड दर्ज हुई।
केन्द्रीय मंत्री
मनोहर लाल सोमवार को पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता के आवास पर बातचीत कर रहे थे। उन्होंने
रविवार को डॉ. गुप्ता के आवास पर हुई आगजनी की घटना का ब्यौरा लिया और कुशलक्षेम जाना।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस दौरान देश की बिजली उत्पादन क्षमता 274 गीगावाट रही,
जिससे मांग पूरी की गई। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में गर्मी अधिक है, लेकिन दक्षिण
भारत में मानसून शुरू होने से कुल मांग में कुछ कमी आई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि
देश में बिजली की कमी नहीं है, हालांकि कुछ राज्यों में स्थानीय प्रबंधन की वजह से
हल्की दिक्कतें हो सकती हैं।
तेल की कीमतों में
बढ़ोतरी के सवाल पर मनोहर लाल ने कहा कि इसका कारण भारत नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय
परिस्थितियां हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव और तेल आपूर्ति प्रभावित होने
से वैश्विक बाजार में कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि भारत में कीमतों में बहुत सीमित
वृद्धि की जा रही है ताकि जनता पर ज्यादा बोझ न पड़े। उन्होंने प्रधानमंत्री की अपील
का जिक्र करते हुए कहा कि लोग तेल की खपत कम करें, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें
और कार पूलिंग अपनाएं।
इससे पूर्व डॉ.
कमल गुप्ता व परिजनों का हालचाल जानते हुए मनोहर लाल ने कहा कि उन्हें सुबह ही इस घटना
की जानकारी मिली। यह एक चिंताजनक दुर्घटना थी, लेकिन ईश्वर का आभार है कि डॉ. कमल गुप्ता,
उनकी पत्नी और माता जी सुरक्षित हैं। मनोहर लाल खट्टर कहा कि जिस तरह से परिवार ने
हिम्मत दिखाई और समय रहते खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, वह सराहनीय है। मनोहर
लाल ने इसे एक दुर्घटना बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं के लिए किसी को दोष नहीं दिया
जा सकता और इसे एक बुरे सपने की तरह भूलकर आगे बढ़ना चाहिए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर