राेहतक: रेणू डाबला अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष बनीं

 

कलानौर से विधानसभा चुनाव हारने के बाद भी मिला अहम पद

बंतो कटारिया आयोग की अध्यक्ष नियुक्त, सरकार ने जारी किया आदेश

रोहतक, 08 अगस्त (हि.स.)। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व मेयर रेणू डाबला को हरियाणा सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, सरकार ने डाबला को हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। अंबाला से पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय रतनलाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया को आयोग का अध्यक्ष बनाया गया है।

दोनों नियुक्तियों को लेकर सरकार की ओर से शनिवार को आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया। रेणू डाबला की नियुक्ति को खास तौर पर रोहतक और कलानौर की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, डाबला रोहतक नगर निगम की पूर्व मेयर रह चुकी हैं और भाजपा में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें कलानौर विधानसभा क्षेत्र से अपना प्रत्याशी बनाया था, चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अब विधानसभा चुनाव के करीब दो साल बाद सरकार ने उन्हें राज्य स्तर पर महत्वपूर्ण पद देकर राजनीतिक रूप से बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।

मेयर से विधानसभा तक सक्रिय रहीं डाबला

रेणू डाबला की राजनीतिक पहचान रोहतक नगर निगम की मेयर के रूप में बनी, मेयर रहते हुए उन्होंने शहर की स्थानीय राजनीति में अपनी अलग जगह बनाई। इसके बाद भाजपा ने उन्हें कलानौर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा। हालांकि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन पार्टी संगठन में उनकी सक्रियता जारी रही। अब अनुसूचित जाति आयोग की उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनकी भूमिका रोहतक के साथ-साथ पूरे प्रदेश में बढ़ जाएगी। राजनीतिक हलकों में डाबला की नियुक्ति को विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी की ओर से उन्हें दी गई अहम जिम्मेदारी के तौर पर देखा जा रहा है। कलानौर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की गतिविधियों और संगठन के लिहाज से भी उनकी भूमिका पर नजर रहेगी। वहीं, रोहतक जिले से किसी महिला भाजपा नेता को राज्य स्तरीय आयोग में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना स्थानीय संगठन के लिए भी अहम माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल