हांसी: दो सगी बहनों ने यूजीसी नेट, जेआरएफ में पाया देशभर में टॉप रैंक

 


दोनों बहनों व परिजनों को बधाई देने वालों का तांताहांसी, 05 फरवरी (हि.स.)। क्षेत्र के गांव ढाणा कलां की दो सगी बहनों ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। गांव ढाणा कलां निवासी एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुट्टी समैन के प्राचार्य डॉ. योगी अनूप नाथ की सुपुत्रियों अदिति व अपूर्वा ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित यूजीसी नेट, जेआरएफ के अंग्रेजी विषय की प्रतिष्ठित परीक्षा अपने प्रथम प्रयास में ही उत्तीर्ण कर पूरे भारत में टॉप रैंकर्स की सूची में स्थान प्राप्त किया है।परीक्षा परिणामों में अदिति ने 99.89 पर्सेंटाइल तथा अपूर्वा ने 99.93 पर्सेंटाइल हासिल किए, जिसके साथ दोनों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप के लिए चयनित किया गया। यूजीसी नेट-जेआरएफ को देश की सबसे कठिन और अत्यधिक प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में शामिल किया जाता है, जिसमें लाखों अभ्यर्थियों के बीच सीमित संख्या में ही जेआरएफ प्रदान की जाती है। ऐसे में प्रथम प्रयास में ही जेआरएफ के साथ शीर्ष पर्सेंटाइल अर्जित करना एक दुर्लभ और सराहनीय उपलब्धि मानी जाती है।इस सफलता की सूचना मिलते ही ढाणा कलां गांव के सरपंच भूप सिंह सैनी सहित अनेक सामाजिक, शैक्षणिक और प्रबुद्धजन डॉ. योगी अनूप नाथ के निवास पर पहुंचे और दोनों बहनों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। ग्रामीणों ने इसे गांव और जिले के लिए सम्मान का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी उच्च शिक्षा और शोध के लिए प्रेरित करेगी।अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अदिति और अपूर्वा ने गुरुवार काे कहा कि वे इस उपलब्धि का श्रेय अपने संयुक्त परिवार को देती हैं। उन्होंने विशेष रूप से अपनी दादी, माता-पिता, चाचा-चाची, भाई-बहनों तथा परिवार के अन्य सदस्यों का आभार जताया और कहा कि परिवार से मिले संस्कार, अनुशासन और निरंतर सहयोग ने उन्हें लक्ष्य के प्रति केंद्रित बनाए रखा। अदिति और अपूर्वा की यह उपलब्धि देशभर के विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में देखी जा रही है। इस अवसर पर विजेंदर सिंह प्रजापति, सुभाष दहिया, विजय जोगी, डॉ. सतबीर, ईश्वर जोगी, डॉ. मोहित सैनी, पूर्व सरपंच रंगीराम, अमृत सोनी, कमल चौहान, भूपसिंह, प्रवीन, सन्नी, ओमपति, गीता, कृष्णा, आशा, मोनिका, प्रियंका सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर