हिसार : डॉ. विशाल शर्मा बने लुवास के जनसंपर्क अधिकारी, सोशल मीडिया चैंपियन का भी मिला अतिरिक्त कार्यभार
कुलपति प्रो. विनोद कुमार वर्मा ने जारी किए आदेश, डॉ. नीलेश सिंधु को अतिरिक्त
जिम्मेदारियों से किया मुक्त
हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। यहां के लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान
विश्वविद्यालय में प्रशासनिक जिम्मेदारी में बदलाव करते हुए सहायक जनसंपर्क अधिकारी
डॉ. विशाल शर्मा को जनसंपर्क अधिकारी एवं सोशल मीडिया चैंपियन का अतिरिक्त कार्यभार
सौंपा गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा के निर्देश पर
कुलसचिव ने साेमवार काे इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। डॉ. विशाल शर्मा तत्काल प्रभाव
से आगामी आदेशों तक यह जिम्मेदारी संभालेंगे। वहीं, अब तक इन दायित्वों का निर्वहन
कर रहे डॉ. नीलेश सिंधु को अतिरिक्त जिम्मेदारियों से मुक्त कर दिया गया है।
डॉ. विशाल शर्मा विश्वविद्यालय के पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन विभाग में सहायक
प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने वर्ष 2008 में हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय,
हिसार से पशु चिकित्सा विज्ञान एवं पशुपालन में स्नातक, वर्ष 2011 में लुवास से स्नातकोत्तर
और वर्ष 2019 में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की। पशुधन उत्पादन एवं प्रबंधन उनका विशेषज्ञता
का क्षेत्र है।
सहायक जनसंपर्क अधिकारी के रूप में डॉ. विशाल शर्मा विश्वविद्यालय की विभिन्न
गतिविधियों के प्रचार-प्रसार और मीडिया समन्वय से जुड़े रहे हैं। नई जिम्मेदारी के
तहत वे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों, विद्यार्थी कार्यक्रमों
और अन्य आयोजनों की जानकारी मीडिया तथा आमजन तक पहुंचाने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम
से विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को व्यापक पहचान दिलाने का कार्य करेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने डॉ. नीलेश सिंधु के योगदान की भी सराहना की है। उन्होंने
मार्च 2025 से सोशल मीडिया चैंपियन और सितंबर 2025 से जनसंपर्क अधिकारी के रूप में
जिम्मेदारी संभाली। इस दौरान उन्होंने प्रेस विज्ञप्तियों, मीडिया समन्वय और सोशल मीडिया
के माध्यम से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं विस्तार गतिविधियों को आमजन
तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर