हिसार : गुरु जम्भेश्वर विवि के छह विद्यार्थियों को निजी कंपनियों में मिली नौकरी
दोनों कंपनियों की प्लेसमेंट ड्राइव में 90 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
बीटेक की विभिन्न शाखाओं के छात्रों का हुआ चयन
हिसार, 13 नवंबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
(गुजविप्रौवि) के छह विद्यार्थियों का डीसीएम टेक्सटाइल और श्री गंगा इंडस्ट्रीज में
चयन हुआ है। विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित अलग-अलग
प्लेसमेंट ड्राइव में दोनों कंपनियों ने विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्रदान किए।
इन ड्राइव में कुल 90 विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
कुलपति प्रो. विजय कुमार ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रतिष्ठित
औद्योगिक संस्थानों में विद्यार्थियों का चयन विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण और उद्योग
आधारित शिक्षा का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को कार्यक्षेत्र में मेहनत, लगन
और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित
विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के प्रयासों की सराहना
की।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि डीसीएम
टेक्सटाइल की प्लेसमेंट ड्राइव में 52 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया, जबकि श्री गंगा
इंडस्ट्रीज की भर्ती प्रक्रिया में 38 विद्यार्थी शामिल हुए। डीसीएम टेक्सटाइल की ओर
से एचआर टीम का नेतृत्व अतुल के. सिंह ने किया, जबकि श्री गंगा इंडस्ट्रीज की ओर से
एचआर प्रतिनिधि सौरभ उपस्थित रहे। दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने प्री-प्लेसमेंट
प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को कंपनियों की कार्यप्रणाली, कार्य संस्कृति,
करियर में उन्नति के अवसरों और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने शुक्रवार काे बताया
कि डीसीएम टेक्सटाइल में बीटेक (ईसीई) के गुरदीप कुमार तथा बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग)
के सुजैन और मोहित का चयन हुआ है। वहीं, श्री गंगा इंडस्ट्रीज में बीटेक (मैकेनिकल
इंजीनियरिंग) के डेविड और राहुल तथा बीटेक (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के मोहित ने सफलता
हासिल की है।उन्होंने बताया कि डीसीएम टेक्सटाइल की प्लेसमेंट ड्राइव का समन्वय बीटेक
(इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के विद्यार्थी सुजैन ने किया, जबकि श्री गंगा इंडस्ट्रीज
की ड्राइव का समन्वय इसी विभाग के विद्यार्थी सुजल जायसवाल ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर