हिसार : घर में लगी आग से सामान जलकर राख, बाल-बाल बचे परिजन

 




हिसार, 11 जुलाई (हि.स.)। शहर के डाबड़ा चौक के समीप एक घर में अचानक आग लग

गई। सूचना पाकर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग लगने के

कारण का अभी तक पता नहीं चल सका है।

नागोरी गेट गुरुद्वारा के पूर्व प्रधान सुखसागर सिंह ने बताया कि शनिवार को

उनके मकान की पहली मंजिल पर बने फाइबर शैड के कोने में अचानक आग लग गई। आग देखकर उनका

भतीजा चिल्लाया तो घर पर अन्य सदस्य पानी की बाल्टी लेकर आग बुझाने के लिए दौड़े लेकिन

पानी डालते ही आग बुझने की बजाय और बढ़ गई। इस पर उन्होंने घर के सभी सदस्यों को तुरंत

बाहर निकाला। इसी बीच डायल 112 की टीम और दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची। गाड़ी ने

आग पर काबू पाया। सुखसागर सिंह ने बताया कि इस घटना में घर और उनके ऑफिस में लगे तीन

एसी जल गए। इसके अलावा अलमारी और अन्य सामान भी जल गया। उन्होंने बताया कि शैड के नीचे

उनके व्यापार से संबंधित वस्तुएं मौजूद थीं जो कि सभी जलकर खाक हो गई हैं। उन्होंने

बताया कि आग लगने से उन्हें करीब 55 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।

सुखसागर सिंह ने बताया कि सुबह घर में बिजली नहीं थी और न ही फाइबर शैड के

आसपास कोई ऐसा बिजली कनैक्शन था जिसके आधार पर यह पुष्टि की जा सके कि उक्त स्थान पर

शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। उन्होंने कहा उस समय घर पर दो बच्चों सहित 11 लोग

मौजूद थे जिन्हें आग लगने के तुरंत बाद बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि किसी को भी कोई

चोट नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर