सोनीपत: राष्ट्रीय बैंडी चैंपियनशिप में चयन, स्वर्ण पदक विजेता यश का स्वागत
सोनीपत, 07 अक्टूबर (हि.स.)। गुरुग्राम
में आयोजित हरियाणा राज्य बैंडी (आइस हॉकी) चैंपियनशिप में प्रताप स्कूल खरखौदा के
खिलाड़ी यश राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। प्रतियोगिता में बेहतर
प्रदर्शन के आधार पर यश राणा का राष्ट्रीय बैंडी चैंपियनशिप के लिए भी चयन हुआ है।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन देहरादून में किया जाएगा। स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय
लौटने पर प्रबंधन की ओर से यश का बुधवार को भव्य स्वागत किया गया।
खेल
निदेशक ओम प्रकाश दहिया ने कहा कि विद्यालय में पढ़ाई के साथ खेलों को भी बराबर महत्व
दिया जाता है। करीब 26 खेलों के लिए बेहतर सुविधाएं और आधुनिक खेल ढांचा उपलब्ध है।
खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए राष्ट्रीय खेल संस्थान से योग्य प्रशिक्षकों की
सेवाएं भी मिल रही हैं। विद्यालय में भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र और हरियाणा खेल विभाग
की खेल नर्सरियां भी संचालित हैं। इससे खिलाड़ियों को छोटी उम्र से ही प्रशिक्षण का
अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय
स्तर पर पदक जीतकर क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। अकादमिक निदेशक डॉ.
सुबोध दहिया ने बताया कि यश का राष्ट्रीय बैंडी चैंपियनशिप के लिए चयन विद्यालय के
लिए गर्व की बात है। प्रधानाचार्या दया दहिया ने कहा कि यश की उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों
के लिए भी प्रेरणा है। यश राणा ने सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, प्रशिक्षक सुमनलता,
अभिभावकों और विद्यालय में उपलब्ध खेल सुविधाओं को दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और
खेल दोनों में मिलने वाला सहयोग खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता
है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना