सोनीपत : मुख्यमंत्री रैली से गोहाना विकास की नई इबारत लिखेगा : प्रदीप सांगवान
सोनीपत, 23 मार्च (हि.स.)। गोहाना में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज
हो गई हैं। भारतीय जनता
पार्टी के गोहाना जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक और बरोदा हलका से पार्टी के पूर्व प्रत्याशी
प्रदीप सांगवान ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री के आगमन से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद
है। कहा कि मुख्यमंत्री रैली से गोहाना विकास की नई इबारत लिखेगी।
सिंचाई विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में बिजेंद्र मलिक व प्रदीप सांगवान ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी 29 मार्च को गोहाना की नई सब्जी मंडी
में धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करेंगे। पहले यह रैली दोपहर एक बजे निर्धारित
थी, लेकिन अब इसका समय बदलकर सुबह 11 बजे कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह रैली
ऐतिहासिक साबित होगी और इसमें बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिलेगी।
प्रदीप
सांगवान ने कहा कि मुख्यमंत्री इस रैली के दौरान क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं
करेंगे। उन्होंने दावा किया कि विकास योजनाओं की सौगात मिलने से गोहाना के विकास को
नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि रैली को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल
है और तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री महेंद्र
चिड़ाना, राजू पटवा, मुकेश रोहिल्ला, राजेश भावड़, डा. राममेहर राठी, अशोक सैन और सूरत
सिंह सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना