हिसार : ईश्वर निराकार और सर्वव्यापक, उसे शरीरधारी बताना वेद सम्मत नहीं : स्वामी आर्यवेश

 




आर्य समाज नागोरी गेट में वेद प्रचार सप्ताह का शुभारंभ, भजनों के माध्यम से

वैदिक विचारों का संदेश

हिसार, 31 अगस्त (हि.स.)। आर्य समाज नागोरी गेट लाजपतराय चौक में साेमवार काे वेद प्रचार

सप्ताह का शुभारंभ यज्ञ-हवन के साथ हुआ। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने आहुति देकर वैदिक

विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर दिल्ली से पहुंचे सार्वदेशिक

आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने वेद प्रवचन करते हुए ईश्वर के स्वरूप

की तार्किक व्याख्या की। यज्ञ में डॉ. सुरेंद्र बहल व सुनीता बहल, मांगेराम आर्य व दर्शना आर्या, दिलबाग

आर्य व सुनीता आर्या तथा सनी आर्य व गीता आर्या यजमान रहे। यज्ञ ब्रह्मा के रूप में

कर्मबीर शास्त्री ने अपनी भूमिका निभाई और उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।

वेद प्रवचन की शुरुआत करते हुए स्वामी आर्यवेश ने साेमवार काे कहा कि वेदों के अनुसार ईश्वर

निराकार और सर्वव्यापक है। उन्होंने ब्रह्मांड की विशालता और प्रकृति की अद्भुत संरचना

का उदाहरण देते हुए कहा कि इतनी विराट और व्यवस्थित सृष्टि किसी शरीरधारी मनुष्य द्वारा

नहीं बनाई जा सकती। उन्होंने सूर्य, चंद्रमा और नक्षत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि

सृष्टि की रचना के पीछे किसी सर्वोच्च शक्ति का होना आवश्यक है।

स्वामी आर्यवेश ने ईश्वर के गुणों की तार्किक व्याख्या करते हुए कहा कि धर्म

के नाम पर अंधश्रद्धा को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ शरीरधारी लोग

स्वयं को परमात्मा घोषित कर भोली-भाली जनता की आस्था का लाभ उठाते हैं और विलासितापूर्ण

जीवन जीते हैं। उन्होंने ऐसे आडंबरों से बचने तथा वेदों में वर्णित ईश्वर के वास्तविक

स्वरूप को समझने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आर्य जगत की सुप्रसिद्ध भजनोपदेशिका विदुषी संगीता आर्या, सहारनपुर

ने वैदिक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को वैदिक विचारों से जोड़ा। कार्यक्रम

में उनके ओजस्वी भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजकों ने बताया कि स्वामी

आर्यवेश के वेद प्रवचनों की श्रृंखला आगामी 6 सितंबर, रविवार तक जारी रहेगी। इस दौरान

वेद, ईश्वर, धर्म और वैदिक जीवन पद्धति से जुड़े विभिन्न विषयों पर प्रवचन होंगे।

कार्यक्रम में स्थानीय साधु-संतों, आचार्यों और विद्वानों के अलावा गुरुकुल

धीरणवास, जगन्नाथ आर्य कन्या पाठशाला तथा सीएवी स्कूल के विद्यार्थियों और अध्यापक-अध्यापिकाओं

ने भी भाग लिया। इस अवसर पर आर्य समाज के प्रधान देवेंद्र सिंह सैनी, उप प्रधान दलबीर आर्य,

महामंत्री नरेंद्र मिगलानी, शमशेर सिंह आर्य नंबरदार, सत्यप्रकाश गोयल, सूबे सिंह आर्य

मुकलान, आचार्य मान सिंह पाठक, संरक्षक नंदलाल चोपड़ा, जगतपाल शास्त्री, हरि सिंह एमसी,

श्याम सुंदर और कुलदीप ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन आचार्य

प्रमोद योगार्थी ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर