हिसार: खेलों में फिर छाईं स्वामी दीप्तानंद कन्या गुरुकुल घिराय की छात्राएं

 


खंड स्तरीय स्कूली खेल कबड्डी प्रतियोगिता में

अंडर-14 टीम ने जीता प्रथम स्थान

शॉटपुट में भी छात्रा ने किया स्वर्णिम प्रदर्शन

हिसार, 22 जुलाई (हि.स.)। स्वामी दीप्तानंद कन्या

गुरुकुल, घिराय की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के

दम पर खेल जगत में शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुकुल, गांव घिराय तथा जिले का नाम गौरवान्वित

किया है। हरियाणा सरकार की ओर से आयोजित खंड स्तरीय इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में

गुरुकुल की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में प्रथम स्थान

प्राप्त कर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया।

गुरुकुल की प्राचार्या सुनीता आर्या ने बुधवार काे बताया

कि उमरा में आयोजित दो दिवसीय इंटर स्कूल खेल प्रतियोगिताओं में स्वामी दीप्तानंद कन्या

गुरुकुल की छात्राओं ने बेहतरीन खेल भावना, टीम वर्क और अनुशासित प्रदर्शन का परिचय

दिया। प्रतियोगिता के दौरान गुरुकुल की अंडर-14 कबड्डी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन

करते हुए सभी मुकाबलों में अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया।

उन्होंने बताया कि कबड्डी के साथ-साथ एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भी गुरुकुल की छात्राओं

ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

अंडर-19 शॉटपुट स्पर्धा में गुरुकुल की

छात्रा पारुल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और विद्यालय की

उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ दिया। कबड्डी की टीम में उल्लेखनीय प्रदर्शन

करने वाली छात्राओं में प्रिया शर्मा, पल्लवी दनोदा, रीत घिराय, प्रीत घिराय, तनु घिराय,

अंशु घिराय, गुरुवाणी पानीपत, तृषा समालखा, महक न्यौली कलां, मनप्रीत मिर्जापुर शामिल

हैं।

प्राचार्या सुनीता आर्या ने विजेता छात्राओं,

उनके अभिभावकों तथा प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि गुरुकुल में शिक्षा

के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाता है। छात्राओं को नियमित प्रशिक्षण, अनुशासित

वातावरण तथा बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, जिसके परिणामस्वरूप वे लगातार

जिला एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने

विश्वास व्यक्त किया कि गुरुकुल की बेटियां भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय

स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी। गुरुकुल प्रधान राजकुमार आर्य एवं मैनेजमेंट ने

सभी विजेता छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं

के लिए शुभकामनाएं दीं तथा विश्वास जताया कि वे आगे भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन

कर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर