हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कस्तूरबा भवन में सजी डांडिया नाइट, 1800 छात्राओं ने लिया भाग

 




गणेश वंदना, राधा-कृष्ण की प्रस्तुति और नवदुर्गा नृत्य ने बांधा समां, पारंपरिक

वेशभूषा में छात्राओं ने बिखेरे रंग

हिसार, 14 अक्टूबर (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

के गर्ल्स हॉस्टल-1 स्थित कस्तूरबा भवन में डांडिया नाइट-2026 का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लगभग 1800 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भारतीय संस्कृति, भक्ति,

संगीत और पारंपरिक नृत्य से सजे इस आयोजन ने विश्वविद्यालय परिसर को उत्सव के रंगों

से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में हिसार की प्रतिष्ठित समाजसेविका पंकज संधीर मुख्य अतिथि रहीं,

जबकि रजनी शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि पंकज संधीर समाजसेवा

के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रही हैं और वृद्धाश्रमों के संचालन के माध्यम से

जरूरतमंदों की सेवा में सक्रिय हैं। विश्वविद्यालय की चीफ वार्डन प्रोफेसर सुजाता सांघी

भी इस अवसर पर मौजूद रहीं।

कार्यक्रम का आयोजन डिप्टी चीफ वार्डन एवं कोऑर्डिनेटर डॉ. ज्योति प्रभा बिश्नोई

के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विश्वविद्यालय के विभिन्न हॉस्टलों

के कोऑर्डिनेटर्स एवं हॉस्टल प्रशासन की अहम भूमिका रही। इनमें डिप्टी प्रॉक्टर एवं

वर्किंग वुमन हॉस्टल की कोऑर्डिनेटर डॉ. अंजू गुप्ता, डिप्टी चीफ वार्डन एवं गर्ल्स

हॉस्टल-4 की कोऑर्डिनेटर डॉ. विनीता, डॉ. मनदीप, डॉ. पुष्पा और डॉ. संतोष शामिल रहीं।

इसके अतिरिक्त वार्डन कृष्णा, ऋतु एवं ज्योति कुमारी ने भी आयोजन में सक्रिय सहयोग

दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने राधा-कृष्ण

की मनमोहक प्रस्तुति, पारंपरिक गरबा नृत्य और मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को समर्पित

नवदुर्गा नृत्य प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों

और छात्राओं के उत्साह ने अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया। डांडिया नाइट का समापन उमंग और उत्साह के बीच हुआ। यह आयोजन छात्राओं के लिए

मनोरंजन के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सामूहिक सौहार्द को करीब से अनुभव

करने का यादगार अवसर बना।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर