हिसार : बरवाला को मिली आधुनिक बस स्टेंड की सौगात

 


छह बस-बे, एसी वेटिंग रूम और टिकट वेंडिंग मशीन सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस

हुआ बस स्टेंड

मॉडर्न अनाज मंडी, सिटी पार्क और रामबाग का भी होगा विकास; स्टेडियम व कम्युनिटी

सेंटर के कार्य प्रगति पर

हिसार, 24 अक्टूबर (हि.स.)। बरवाला शहर को आधुनिक बस स्टेंड की सौगात मिली

है। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने शनिवार

को नवनिर्मित बस स्टेंड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार

बरवाला को आधुनिक, सुंदर और सुविधाजनक शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शहर में बस स्टैंड

के साथ मॉडर्न अनाज मंडी, सिटी पार्क, रामबाग, स्टेडियम और अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी

परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि नए बस स्टेंड में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में

रखते हुए आधुनिक व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। यहां छह नए बस-बे, दुकान, टिकट वेंडिंग

मशीन, वातानुकूलित प्रतीक्षालय और शिशुओं को दूध पिलाने के लिए अलग कक्ष बनाया गया

है। इसके अलावा महिला, पुरुष और दिव्यांगजनों के अनुकूल शौचालयों की व्यवस्था की गई

है। बस स्टेंड के प्रथम तल पर पांच कार्यालय कक्ष, चालकों के लिए दो डॉर्मिटरी, एक

अतिरिक्त कक्ष और शौचालय भी बनाए गए हैं।

रणबीर गंगवा ने बताया कि बरवाला में मॉडर्न अनाज मंडी का निर्माण कार्य जारी

है। रामबाग के विकास के लिए करीब 3.30 करोड़ रुपये का टेंडर किया गया है, जबकि सिटी

पार्क के विकास पर भी लगभग 3.30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शहर में सड़कों, गलियों,

लाइब्रेरी और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित कार्य भी करवाए जा रहे हैं। उन्होंने

बताया कि शहर के स्टेडियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है और कम्युनिटी सेंटर का काम

लगभग पूरा होने वाला है। बरवाला की चारों दिशाओं में प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं।

हिसार की ओर से शहर में प्रवेश और निकास के दोनों तरफ सुंदर चौक विकसित किए जाएंगे,

जिससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि शहर की अधिकांश गलियों का निर्माण पूरा

हो चुका है और शेष गलियों का काम भी जल्द शुरू करवाया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, एसडीएम अश्वीर नैन, रोडवेज महाप्रबंधक

राहुल मित्तल, यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार, मंडल अध्यक्ष मोनू संदूजा, नगर परिषद

चेयरमैन रमेश बैटरीवाला, मंडी चेयरमैन प्रवीण सैनी, जिला उपाध्यक्ष मनीष गोयल, वाइस

चेयरमैन रोशन घणघस, जिला पार्षद ओपी मालिया, आशा, पार्षद धर्म सिंह, कालू राम, ज्योति बंसल, एमसी रामचंद्र मौर्य, प्रेम

जांगड़ा, पुरुषोत्तम गुप्ता, रणसिंह, प्रमोद सिवाज, राकेश बंसल, सत्यवान बालक, सरपंच

विजय, सरपंच सोनू और वेद प्रकाश सहित अन्य गणमान्य नागरिक तथा लोक निर्माण विभाग के

अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर