यमुनानगर:गैस सिलेंडर की कमी पर कांग्रेस नेता ने सरकार के दावों पर उठाए सवाल

 


यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर से वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतीश दत्ताना ने गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार के दावे और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आम लोगों को आज भी जरूरी सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सोमवार को दत्ताना ने कहा कि क्षेत्र में रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। लोगों को सिलेंडर प्राप्त करने के लिए घंटों कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है, जिससे आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार यह प्रचार कर रही है कि प्रदेश में गैस की कोई कमी नहीं है, जबकि कई इलाकों में उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। दत्ताना ने कहा कि यदि व्यवस्था सही होती तो लोगों को इतनी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार को केवल घोषणाओं और प्रचार तक सीमित रहने के बजाय जमीनी स्तर पर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत करना जरूरी है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके। दत्ताना ने कहा कि यदि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता में लगातार बाधा आती रही तो इससे आम लोगों की परेशानियां और बढ़ेंगी। सरकार को इस दिशा में तुरंत प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार