हिसार : किसान व कमेरा वर्ग के सच्चे हितैषी थे स्व. चौधरी चरण सिंह : प्रो. बीआर कम्बोज
हकृवि में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती मनाई
हिसार, 23 दिसंबर (हि.स.)। यहां के हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में भूतपूर्व
प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित
कार्यक्रम में कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर
में स्थापित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने मंगलवार काे कहा कि चौधरी चरण सिंह किसान व कमेरा वर्ग के
सच्चे हितैषी थे। स्वयं एक किसान व ग्रामीण परिवेश से होने के चलते वे किसानों की समस्याओं
को अच्छी तरह से समझते थे। वे मानते थे कि देश के विकास का रास्ता खेत-खलिहानों से
होकर गुज़रता है इसलिए उन्होंने ताउम्र किसानों और गरीबों के उत्थान के लिए संघर्ष
किया। उन्होंने देश में किसानों के उत्थान के लिए अनेक नीतियां बनाई। उन्होंने विभिन्न
राजनैतिक पदों पर रहते हुए देश में जमींदारी प्रथा समाप्त कराना, भूमि सुधार अधिनियम
लागू कराना, ऋण निमोचन विधेयक पारित कराना और केंद्र में ग्रामीण पुनरूत्थान मंत्रालय
स्थापित करना जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। किसानों के लिए उनके अतुलनीय योगदान
के दृष्टिगत साल 2001 से 23 दिसंबर को उनकी जयंती को राष्ट्रीय किसान दिवस के रूप में
मनाया जाने लगा है।
कुलपति ने इस बात पर हर्ष जताया कि इस विश्वविद्यालय का नाम इस महान नेता के
साथ जुड़ा हुआ है। हम आज उनकी जयंती को किसान दिवस के रूप में मना रहे है। हमारा प्रयास
है कि प्रदेश व देश के प्रत्येक किसान को इस विश्वविद्यालय में विकसित कृषि तकनीकों
का लाभ पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय के शिक्षकों, वैज्ञानिकों व विद्यार्थियों से
आह्वान किया कि वे किसानों की समृद्धि व कल्याण के लिए सदैव प्रयत्नशील रहें। यह इस
महान नेता को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न कालेजों के अधिष्ठाताओं, निदेशकों, व
अन्य अधिकारियों सहित वैज्ञानिकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा हौटा एवं हौंटिया
के पदाधिकारियों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर