हिसार : हड़ताल खत्म होने के बावजूद कचरे के ढ़ेर बने मुसीबत

 


कचरे को उठाने की बजाय आग लगाकर ठिकाने लगाने

का प्रयास

आग लगाना वायु प्रदूषण का बड़ा कारण, एनजीटीओ

आदेशों को भी ठेंगा

हिसार, 16 मई (राजेश्वर बैनीवाल)। विभिन्न मांगों एवं समस्याओं

के हल के लिए हड़ताल पर गए सफाई कर्मचारियों की मांगे तो सरकार ने 14 दिन बाद मान ली

लेकिन सफाई कर्मचारियों की असल परीक्षा अब शुरू हुई है। शहर के जगह-जगह लगे गंदगी के ढ़ेर

मुसीबत बन गए हैं और उन्हें उठाकर ठिकाने लगाना मुश्किल हो रहा है। इसी के चलते अब

शहर में जगह—जगह पड़े कचरे को जलाकर

ठिकाने लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जो सीधे तौर पर वायु प्रदूषण का कारण व एनजीटी

के आदेशों की अवहेलना है।

हालांकि सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होने

के बाद डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन गाड़ियां भी दोबारा सड़कों पर उतर आई है, लेकिन शहर

में विभिन्न स्थानों पर कचरे के ढ़ेर अब भी ज्रूों के त्यों पड़े हैं। हड़ताल के दौरान

जमा हुआ लगभग 2500 टन कचरा अब नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। शहर के बाजारों,

कॉलोनियों, मुख्य सड़कों और खाली प्लॉटों में जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे

लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में पड़े कचरे से

दुर्गंध फैल रही है जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। शहरवासियों का कहना है

कि हड़ताल खत्म होने के बाद उन्हें उम्मीद थी कि जल्द सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी,

लेकिन अभी तक कई क्षेत्रों से कचरा नहीं उठाया गया है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि कचरे के ढेरों को

उठाने की बजाय कई स्थानों पर उनमें आग लगाकर निस्तारण करने का प्रयास किया जा रहा है।

शहर के अलग-अलग हिस्सों में जलते हुए कचरे से धुएं के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं।

इससे आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने में दिक्कत, आंखों में जलन और प्रदूषण जैसी

समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि प्लास्टिक और

अन्य अपशिष्ट जलाने से निकलने वाला धुआं बेहद जहरीला होता है, जो वायु प्रदूषण को गंभीर

रूप से बढ़ाता है। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि सफाई व्यवस्था

को पूरी तरह सामान्य करने में कुछ दिन लग सकते हैं। अधिकारियों के अनुसार अतिरिक्त

गाड़ियां और कर्मचारी लगाकर शहर से कचरा उठाने का काम तेज किया जा रहा है। निगम प्रशासन

ने लोगों से भी सहयोग की अपील की है और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने की सलाह

दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर