सिरसा: जयंती पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री को किया नमन
सिरसा, 02 अक्टूबर (हि.स.)। जिलेभर में महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किए गए। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कांग्रेस नेता डा. केवी सिंह ने कहा कि शास्त्री और महात्मा गांधी का देश की आजादी में बहुत बड़ा योगदान था और उनके योगदान को याद करते हुए हमारा शीश स्वयं ही उनके समक्ष नतमस्तक हो जाता है। उन्होंने कहा कि आजादी के लिए किए गए आंदोलन के बाद बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा संविधान बनाकर देश के नागरिकों को हक दिए गए, लेकिन आज संविधान को कमजोर करने के लिए मौजूदा सरकार आतुर है, जिसके लिए हम सबको एकजुट होकर इसके खिलाफ खड़ा होना होगा। पूर्व विधायक अमित सिहाग ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री द्वारा जय जवान जय किसान का जो नारा दिया गया था वह आज भी प्रचलित है और लाल बहादुर शास्त्री द्वारा दिखाए गए मार्ग पर हम सब चलते हुए जवान और किसान को सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी सादगी और ईमानदारी के प्रतीक थे और प्रधानमंत्री के रूप में छोटे से कार्यकाल में उन्होंने अनेक देशहित के कार्य किए जिनके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गांधी ने धोती और चद्दर ओढ़ कर अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी ठीक उसी प्रकार आज नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूदा सरकार की नीतियों के खिलाफ केवल एक टी शर्ट और पेंट पहन भारत जोड़ो यात्रा, छात्रों की गूंज जैसे प्रकल्प चला सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खड़े हैं।
सिरसा की अनाजमंडी स्थित महात्मा गांधी पार्क में महिला कांग्रेस द्वारा महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। प्रदेश महिला कांग्रेस कार्यकारिणी की सदस्य कृष्णा फौगाट ने कहा कि गांधी और शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया। फौगाट ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को आजादी की राह दिखाई और पूरी दुनिया को शांति का संदेश दिया। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने भी अपनी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। पीएमश्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ा में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। विद्यालय के प्राचार्य ललित कालड़ा ने कहा कि महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और आत्मानुशासन का संदेश आज भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma