पानीपत: होटल बना जुए का अड्डा, चार जुआरी गिरफ्तार

 


पानीपत, 02 जून (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने सनौली रोड स्थित नीलकंठ गेस्ट हाउस के कमरे में जूआ खेल रहे चार युवकों को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने में प्रयुक्त ताश के पत्ते व दाव पर लगी 36 हजार 600 रूपये की नकदी बरामद हुई है। आरोपियों की पहचान घूप सिंह नगर निवासी राकेश कुमार, अशोक विहार कॉलोनी निवासी सोनू, बबैल रोड निवासी नवजीश और देशराज कॉलोनी निवासी जोगराज के रूप में हुई है।

थाना चांदनी बाग पुलिस टीम को सोमवार की देर शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली की सनौली रोड स्थित नीलकंठ गेस्ट हाउस के कमरा नंबर सात में कुछ लोग जुआ खेल रहे है। मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस में दबिश दी। कमरे के बाहर खड़े होकर अंदर की आवाज सुनी। एक युवक बोल रहा था उसकी 100 रूपए की चाल, दूसरे की आवाज सुनाई दी उसकी 200 रूपए की चाल और तीसरे की आवाज सुनाई दी उसकी 300 रूपए की चाल। कमरा खोलकर देखा चार युवक ताश के पत्तों पर पैसे दाव पर लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस टीम ने जुआ खेल रहे चारों युवकों को काबू किया। मौके पर आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी ताश के पत्ते व दाव पर लगी 36 हजार 600 रूपए कर नकदी बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राकेश निवासी घूप सिंह नगर, सोनू निवासी अशोक विहार कॉलोनी, नवजीश निवासी बबैल रोड व जोगराज निवासी देशराज कॉलोनी के रूप में बताई। आरोपियों के खिलाफ थाना चांदनी बाग में गेम्बलिग एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा