सोनीपत: गेल गैस के सीएनजी केंद्रों पर ईंधन के साथ मिलेंगी गैर-ईंधन सेवाएं
सोनीपत, 21 अगस्त (हि.स.)। गेल
गैस लिमिटेड द्वारा अपने स्वामित्व एवं संचालित, डीलर संचालित तथा पूर्ण डीलर संचालित
सीएनजी केंद्रों पर ग्राहकों की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से गैर-ईंधन सेवाओं का विस्तार
किया जा रहा है। इस पहल के तहत सीएनजी केंद्रों पर उपलब्ध उपयुक्त खाली स्थानों का
बेहतर उपयोग करते हुए ग्राहकों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध
करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
गेल
गैस लिमिटेड के महाप्रबंधक एवं प्रभारी अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने शुक्रवार को बताया कि इस पहल
का मुख्य उद्देश्य सीएनजी केंद्रों पर आने वाले ग्राहकों को ईंधन भरवाने के साथ-साथ
उनकी आवश्यकताओं से जुड़ी अन्य सुविधाएं भी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है। प्रस्तावित
गैर-ईंधन सेवा व्यवस्था के तहत उपयुक्त सीएनजी केंद्रों पर खाद्य एवं पेय पदार्थों
की दुकानें, चाय-कॉफी केंद्र, सामान्य उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, ऑनलाइन खरीदारी
एवं सामान पहुंचाने से संबंधित केंद्र स्थापित किए जा सकते हैं।
वाहन
चालकों की सुविधा के लिए वाहन में गैस प्रणाली लगाने की सेवाएं, वाहन बीमा, प्रदूषण
जांच केंद्र आदि सेवाएं भी उपलब्ध करवाने की सेवाएं शामिल की जा रही हैं। सीएनजी केंद्रों
पर विज्ञापन प्रदर्शन, एटीएम, धन हस्तांतरण तथा विदेशी मुद्रा संबंधी सेवाओं के साथ-साथ
अन्य उपयुक्त व्यावसायिक गतिविधियां भी स्थापित की जा सकती हैं।
महाप्रबंधक
वर्मा ने कहा कि बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सीएनजी केंद्रों को केवल
ईंधन भरवाने के स्थान तक सीमित न रखकर उन्हें ग्राहकों के लिए सुविधाजनक सेवा केंद्र
के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। इच्छुक एजेंसियों, प्रतिष्ठित कंपनियों,
सेवा प्रदाताओं एवं व्यावसायिक भागीदारों को सीएनजी केंद्रों पर गैर-ईंधन सेवाएं शुरू
करने के लिए सहयोग एवं साझेदारी के अवसर तलाशने हेतु आमंत्रित किया गया है। सभी गतिविधियां
संबंधित विभागों की आवश्यक अनुमति, लाइसेंस, वैधानिक स्वीकृति एवं नियामकीय प्रावधानों
के अनुसार ही संचालित की जाएंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना