हिसार में नशा तस्करों के 7.50 लाख रुपये के तीन वाहन फ्रीज
हेरोइन तस्करी के आरोपी की संपत्ति पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत कार्रवाई
बलेनो कार, जेन एस्टिलो कार और टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक पर कसा कानूनी शिकंजा
हिसार, 02 नवंबर (हि.स.)। हिसार सदर थाना में दर्ज हेरोइन तस्करी के एक मामले
में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी से संबंधित करीब 7 लाख 50 हजार रुपये कीमत के
तीन वाहनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज किया है। इस कार्रवाई को नशा
तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पुलिस अब नशा तस्करों
की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कानून
के दायरे में लाने पर भी विशेष ध्यान दे रही है।
पुलिस के अनुसार, थाना सदर हिसार में धारा 21बी एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज
मामले में पीरांवाली निवासी अजय उर्फ अज्जू को 100 ग्राम 250 मिलीग्राम हेरोइन के साथ
गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी से संबंधित
तीन वाहनों को फ्रीज करने की प्रक्रिया अमल में लाई गई। फ्रीज किए गए वाहनों में करीब
पांच लाख रुपये कीमत की एक बलेनो कार, दाे लाख रुपये कीमत की एक जेन एस्टिलो कार और 50 हजार
रुपये कीमत की एक टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक शामिल है। तीनों वाहनों की कुल अनुमानित कीमत
सात लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने साेमवार काे कहा कि नशा तस्करी जैसे संगीन अपराधों
में शामिल लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने
कहा कि नशे के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्ति की पहचान कर उसे कानून के अनुसार फ्रीज
और जब्त करवाने की कार्रवाई भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि हिसार पुलिस का
उद्देश्य केवल नशा तस्करों को गिरफ्तार करना ही नहीं, बल्कि नशे के अवैध कारोबार से
जुड़े आर्थिक नेटवर्क पर भी प्रभावी प्रहार करना है, ताकि नशे के कारोबार पर अंकुश
लगाया जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर