भर्ती परीक्षाओं के अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा

 

चंडीगढ़, 14 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले कैंडिडेट्स को बड़ी राहत दी है। आयोग द्वारा आयोजित सभी लिखित परीक्षाओं, स्किल टेस्ट, फिजिकल मेजरमेंट टेस्ट और फिजिकल स्क्रीनिंग टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अब हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह छूट उन्हें सिर्फ परीक्षा वाले दिन ही मिलेगी।इस संबंध में मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से शनिवार रात आदेश जारी किए गए हैं। आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर इस बारे में जानकारी दी।

पुलिस में कॉन्स्टेबल के 5500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। अभी इसकी लिखित परीक्षा होने बाकी है। मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि भर्ती परीक्षाओं में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा देने के फैसले को मंजूरी मिल चुकी है। इसके साथ ही आदेश की कॉपी परिवहन विभाग को भी भेजी गई है, ताकि परीक्षाओं के दौरान उम्मीदवारों के लिए जरूरी बसों और अन्य व्यवस्थाओं का प्रबंध किया जा सके। आदेश में यह भी कहा गया है कि परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी परिवहन विभाग को समय रहते उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परीक्षा के दिनों में अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त बसों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रबंध किया जा सके। इससे परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा