कैथल: रक्षाबंधन पर रोडवेज में महिलाओं और बच्चों की फ्री यात्रा शुरू, बस स्टैंड पर उमड़ी भीड़

 






कैथल, 27 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के पर्व पर हरियाणा सरकार की ओर से महिलाओं और बच्चों को दी गई निशुल्क बस यात्रा की सुविधा गुरुवार दोपहर से शुरू हो गई। कैथल बस स्टैंड पर दोपहर बाद बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे बसों में सवार होने के लिए पहुंचे। निशुल्क यात्रा के चलते बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ दिखाई दी।सरकार के आदेशानुसार रक्षाबंधन के अवसर पर सभी महिलाओं और 15 वर्ष तक की आयु के बच्चों को हरियाणा रोडवेज की साधारण बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। यह सुविधा 28 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं और पात्र बच्चे हरियाणा राज्य में स्थित किसी भी स्थान से दूसरे स्थान तक रोडवेज की साधारण बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगे। दिल्ली और चंडीगढ़ तक की यात्रा भी इस सुविधा में शामिल है।निशुल्क यात्रा की सुविधा एसी बसों में लागू नहीं होगी। एसी बसों से सफर करने वाले यात्रियों को निर्धारित किराया देना होगा। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार ने रोडवेज अधिकारियों और डिपो प्रबंधकों को बसों के सुचारू संचालन के निर्देश दिए हैं। पर्याप्त बसों की उपलब्धता और यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है।कैथल रोडवेज के ट्रैफिक मैनेजर विपुल कुमार ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार साधारण रोडवेज बसों में महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू कर दी गई है। 15 वर्ष तक के बच्चों को भी इस सुविधा का लाभ मिलेगा। एसी बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था लागू नहीं है और इनमें यात्रियों को किराया देना होगा। उन्होंने बताया कि रोडवेज के पूरे स्टाफ को सरकार की ओर से जारी आदेशों की जानकारी दे दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे