शेयर ट्रेडिंग व ऑनलाइन निवेश के नाम पर 18.50 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार

 


रिमांड के दाैरान आराेपी से 10 हजार रुपए बरामद

हांसी, 20 मई (हि.स.)। हांसी पुलिस ने शेयर ट्रेडिंग

एवं ऑनलाइन निवेश के नाम पर 18.50 लाख रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया

है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब के पटियाला स्थित आदर्श कॉलोनी निवासी जीवन सिंह

के रूप में हुई है।

साइबर थाना हांसी में तैनात सहायक उप निरीक्षक

रामबिलास ने बुधवार काे बताया कि पकड़े गए आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड

पर लिया गया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ की गई तथा घटनास्थल की निशानदेही

करवाई गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ठगी की गई राशि में से 10 हजार रुपए बरामद कर

कब्जे में लिए हैं। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया

गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता हांसी निवासी संदीप

जो होलसेल दवाइयों का कार्य करता है, ने थाना साइबर अपराध में शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायतकर्ता ने बताया कि मई 2025 में उसे फेसबुक पर एक फ्रेंड रिक्वेस्ट प्राप्त हुई

थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और बाद में व्हाट्सएप नंबरों के माध्यम

से संपर्क कर आरोपी पक्ष ने उसे यूएसडीटी शेयर ट्रेडिंग एवं ऑनलाइन निवेश में अधिक

मुनाफा कमाने का झांसा दिया।

आरोपियों ने शिकायतकर्ता को विभिन्न फर्जी ट्रेडिंग

वेबसाइटों पर अकाउंट बनवाकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। आरोपी लगातार

अधिक लाभ का लालच देकर निवेश के लिए प्रेरित करते रहे। इसी दौरान शिकायतकर्ता ने जून

2025 से अगस्त 2025 के बीच आरटीजीएस, गूगल पे एवं अन्य माध्यमों से अलग-अलग बैंक खातों

में कुल 18 लाख 50 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए।

बाद में जब शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई ठगी

का अहसास हुआ तो उसने थाना साइबर अपराध हांसी में लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार

पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं बैंक खातों

के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने आरोपी जीवन सिंह को गिरफ्तार किया। इस मामले में पुलिस

पहले भी अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर राशि बरामद की जा चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर