हरियाणा में फर्स्ट एड सर्टिफिकेट के नाम पर धोखाधड़ी, सेंट जॉन एसोसिएशन के खिलाफ एफआईआर
-कंडक्टर लाइसेंस के लिए फर्स्ट एड सर्टिफिकेट के नाम पर ढाई हजार लेने का आरोप
चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा में कंडक्टर लाइसेंस बनवाने के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) प्रमाणपत्र जारी करने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के संज्ञान में मामला आने के बाद पुलिस ने सेंट जॉन इंटरनेशनल एसोसिएशन के खिलाफ प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज की है। हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने मामले में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
इन निर्देशों के बाद हांसी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2) और 318(4) के तहत धोखाधड़ी के आरोप में कार्रवाई की है। वहीं, हरियाणा परिवहन आयुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि कंडक्टर लाइसेंस के लिए फर्स्ट एड प्रमाणपत्र जारी करने के लिए संबंधित एसोसिएशन अधिकृत नहीं है।
हांसी के ढाणी पीरान निवासी सुमेर सिंह ने कंडक्टर लाइसेंस बनवाने के लिए फर्स्ट एड प्रशिक्षण प्रमाणपत्र हासिल करने के उद्देश्य से सेंट जॉन एम्बुलेंस इंटरनेशनल एसोसिएशन की वेबसाइट के माध्यम से संपर्क किया। इसके बाद फोन और व्हाट्सऐप पर बातचीत हुई। शिकायत के अनुसार, प्रमाणपत्र जारी करने के लिए उससे ऑनलाइन भुगतान कराया गया। अलग-अलग चरणों में उसने कुल 2,500 रुपये जमा किए, जिसके बाद उसे प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण प्रमाणपत्र जारी किया गया।
प्रमाणपत्र मिलने के बाद सुमेर सिंह ने कंडक्टर लाइसेंस के लिए हिसार स्थित क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) कार्यालय में दस्तावेज जमा कराए। वहां संबंधित अधिकारी ने प्रमाणपत्र को अमान्य बताते हुए कहा कि इसे जारी करने वाली संस्था अधिकृत नहीं है।
इसके बाद शिकायतकर्ता ने प्रमाणपत्र जारी करने वाले लोगों से संपर्क कर अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। परेशान होकर उसने हरियाणा रेडक्रॉस मुख्यालय से संपर्क किया और कथित धोखाधड़ी की जानकारी अधिकारियों को दी।
मामले का संज्ञान लेते हुए हरियाणा रेडक्रॉस मुख्यालय ने हांसी पुलिस को पत्र लिखकर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आग्रह किया। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।
हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के वाइस चेयरमैन अंकुश मिगलानी ने कहा कि रेडक्रॉस मुख्यालय की पहल पर सेंट जॉन इंटरनेशनल नामक संस्था के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस के नाम और प्रतिष्ठा का कथित रूप से दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा