हिसार : वीआईपी मोबाइल नंबर के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

 


हांसी, 20 अप्रैल (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस

ने वीआईपी नंबर के नाम पर 4.79 लाख रुपए की ठगी करने वाले एक आरोपी को उत्तर प्रदेश

के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान दिल्ली निवासी दलीप

विहार निवासी कशिश गिरधर के रूप में हुई।

मुख्य सिपाही अमित कुमार ने साेमवार काे बताया कि इस संबंध में हांसी निवासी

मंगल ने साइबर थाना में शिकायत दी कि पिछले साल 16 फरवरी को उसके मोबाइल पर फोन आया। कॉल

करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को मोबाइल सिम बेचने वाला बताते हुए एक मोबाइल कंपनी का

वीआईपी मोबाइल नंबर बेचने की बात कही।

आरोपी ने वीआईपी नंबर देने के बदले रुपए की मांग

की, जिस पर शिकायतकर्ता सहमत हो गया। आरोपी ने व्हाट्सएप के माध्यम से पोर्टिंग कोड

व भुगतान के लिए क्यूआर कोड भेजा और भरोसे में लेकर बार-बार बातचीत करते हुए शिकायतकर्ता

से कुल चार लाख 79 हजार 670 रुपये ठग लिए।

साइबर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित

धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसे अदालत में

पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर उसके

द्वारा की गई अन्य वारदातों, सहयोगियों एवं ठगी की रकम के बारे में जानकारी हासिल करने

का प्रयास किया जाएगा। इस मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर