पानीपत: क्रिप्टो करेंसी के नाम पर 98 लाख रूपए की ठगी
पानीपत, 07 अगस्त (हि.स.)। पानीपत में जल्दी अमीर बनने और पैसे दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि शातिर ठगों ने वाईएफएक्स और टीएलसी कॉइन जैसी स्कीमों में निवेश के नाम पर दो युवकों से करीब 98 लाख रुपए हड़प लिए।
जब पीड़ितों ने अपने मूल पैसे और मुनाफे की मांग की, तो आरोपियों ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया और जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। पीड़ितों ने पानीपत पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत और धमकी देने की धाराओं में एफआईआर करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सुरजीत जागलान निवासी गांव कारद, और सोहन लाल निवासी गांव सराफाबाद, जिला जींद के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक पानीपत को दी शिकायत में पवन निवासी करनाल और संदीप निवासी पानीपत ने बताया कि उनकी मुलाकात सोहन लाल से फील्ड वर्क के दौरान हुई थी। सोहन लाल ने उन्हें झांसा दिया कि वह एक ऐसे व्यक्ति को जानता है जो कंपनियों में पैसे लगवाकर बहुत कम समय में रकम दोगुनी करवा देता है। 25 नवंबर 2022 को पानीपत के स्काई लार्क होटल में पहली मुलाकात के दौरान 12 हजार रुपए लेकर पवन कुमार की पहली आईडी बनाई गई थी। इसके बाद सोहन लाल अपने साथी सुरजीत जागलान निवासी गांव कारद, इसराना, पानीपत को लेकर पवन के घर पहुंचा। वहां दोनों आरोपियों ने वाईएफएक्स और टीएलसी कॉइन स्कीम के बारे में बताते हुए दावा किया कि वे पहले भी कई लोगों के पैसे दोगुने करा चुके हैं। आरोपियों के झांसे में आकर पीड़ितों ने करनाल से ही 11 लाख रुपए कैश दे दिए।
इसके अलावा पानीपत टोल टैक्स, गढ़ी केवल और कारद गांव में अलग-अलग तारीखों पर 36 से 37 लाख रुपए नकद आरोपियों को सौंपे। पीड़ितों ने बताया कि गारंटी मांगने पर दोनों आरोपियों ने 100% सुरक्षित रिटर्न की पूरी जिम्मेदारी ली। इसके बाद पीड़ितों ने 6 मार्च 2023 से 23 मार्च 2025 तक आरोपियों द्वारा दिए गए अलग-अलग बैंक खातों में कुल 51 लाख 25 हजार 795 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा समय-समय पर लगभग 47 से 48 लाख रुपए नकद भी दिए गए। मार्च 2025 के बाद जब पीड़ितों ने कोई रिटर्न न मिलने पर आगे पैसे देने से मना कर दिया और अपनी जमा पूंजी वापस मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा