हांसी में मोबाइल नंबर एक्टिवेट कराने के नाम पर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
साइबर थाना की कार्रवाई, आरोपी से 10 हजार रुपये बरामद
हिसार, 10 अगस्त (हि.स.)। मोबाइल नंबर एक्टिवेट कराने का झांसा देकर एक व्यक्ति
से 4 लाख 79 हजार 670 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में हांसी साइबर थाना पुलिस
ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 10 हजार रुपये की नकदी
भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के रोहिणी निवासी साहिल बजाज के रूप में हुई
है।
पुलिस के अनुसार हांसी निवासी मंगल सिंह ने साइबर थाना में शिकायत देकर बताया था
कि कुछ लोगों ने उससे मोबाइल नंबर दिलाने के नाम पर संपर्क किया। इसके बाद आरोपियों
ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे बार-बार ऑनलाइन भुगतान करवाना शुरू कर दिया। आरोपियों
ने उसे भरोसा दिलाया कि आवश्यक राशि जमा कराने के बाद उसका मोबाइल नंबर एक्टिवेट कर
दिया जाएगा और उसके द्वारा जमा कराई गई पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। आरोपियों की बातों
पर विश्वास करके मंगल सिंह ने उनके बताए अनुसार कई बार ऑनलाइन भुगतान किया। इस तरह
आरोपियों ने उससे कुल 4.79 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली।
रकम गंवाने के बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर थाना हांसी में की। शिकायत
के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों
और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपी साहिल बजाज तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और
पुलिस ठगी में शामिल अन्य आरोपियों तथा पूरे साइबर नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा
रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर