कैथल: विदेश भेजने का झांसा देकर साढ़े पांच लाख हड़पे

 

कैथल, 18 सितंबर (हि.स.)। विदेश भेजने का सपना दिखाकर साढ़े पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। गांव कसान निवासी राजेश की शिकायत पर राजौंद थाना पुलिस ने दिल्ली निवासी सुरेंद्र पाल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।राजेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसकी सुरेंद्र पाल से जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान सुरेंद्र ने खुद को युवाओं को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए विदेश में अपना अच्छा नेटवर्क होने का दावा किया। उसने राजेश को उसके बेटे साहिल और छोटे भाई सुरेश को किसी अच्छे देश में भेजने का भरोसा दिलाया।शिकायत के अनुसार, अगस्त 2025 में राजेश ने दोनों के विदेश जाने से संबंधित दस्तावेज और तीन लाख रुपये नकद सुरेंद्र पाल को दे दिए। इसके बाद आरोपी ने जल्द ही दोनों को विदेश भेजने की बात कही। कुछ समय बाद उससे दोबारा ढाई लाख रुपये ले लिए गए। कुल रकम लेने के बाद आरोपी लगातार जल्द विदेश भेजने का आश्वासन देता रहा, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद दोनों को विदेश नहीं भेजा गया।राजेश के मुताबिक, बाद में जब उसने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने फोन उठाना बंद कर दिया और उसका नंबर भी ब्लैकलिस्ट कर दिया। आरोपी के घर जाकर भी तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद राजेश को कथित तौर पर ठगी का पता चला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने न तो उसके बेटे और भाई को विदेश भेजा और न ही साढ़े पांच लाख रुपये वापस किए।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच पीएसआई सुनील को सौंप दी है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच के साथ लेन-देन और विदेश भेजने के नाम पर किए गए दावों से जुड़े तथ्यों को खंगाल रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे