हिसार : एमबीबीएस में दाखिले का झांसा देकर ठग लिए 25 लाख
पैसे वापिस मांगने
पर दी धमकी, केस दर्ज
हिसार, 20 फरवरी
(हि.स.)। नारनौंद क्षेत्र के गांव राखी खास में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने के नाम
पर 25 लाख रुपए की ठगी का समाचार है। काम न होने पर जब पैसे वापिस मांगे गए तो शिकायतकर्ता
के परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस संबंध में गांव
राखी खास निवासी डॉ. सुरेश कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में शुक्रवार काे बताया कि उन्होंने अपनी
बेटी कृति का एमबीबीएस में दाखिला करवाने के लिए जींद के श्री धाम सोसायटी सेक्टर-9
निवासी डॉ. कामनी आश्री (करियर प्रोवाइडर) को हायर किया था। आरोप है कि कामनी ने नेपाल
के देवधा मेडिकल कॉलेज में दाखिले का भरोसा दिलाया था। उन्होनें बताया कि कामनी आश्री
ने पूरे कोर्स की फीस 60 लाख 51 हजार 500 रुपए बताई थी। इसमें 25 लाख 18 हजार रुपए
15 किस्तों में और 5 लाख रुपए सर्विस चार्ज के रूप में मांगे गए।
डॉ. सुरेश कुमार
ने पिछले वर्ष 30 जून को 10 लाख रुपए और 1 जुलाई को 4.50 लाख रुपए आरटीजीएस के माध्यम
से दिए। बची राशि गूगल पे के जरिए दी गई। कुल मिलाकर करीब 25 लाख रुपए आरोपी महिला
को सौंपे गए। बेटी के ओरिजनल एजुकेशन डॉक्यूमेंट्स भी दिए गए थे।काउंसलर ने सीट बुकिंग
और अन्य दस्तावेज दिखाकर भरोसा दिलाया था। बाद में नेपाल के कॉलेज से पता चला कि छात्रा
का एडमिशन नहीं हुआ है। जब इस संबंध में आरोपी से संपर्क किया गया, तो वह टालमटोल करती
रही और कोई ठोस प्रमाण नहीं दिया। गत दिवस उसने साफ बताया कि एडमिशन नहीं हुआ है। इसके
बाद रकम वापस मांगने पर भी वह बहाने बनाती रही।
शिकायतकर्ता का
आरोप है कि फोन करने पर कामनी आश्री ने फोन किसी नवीन नामक युवक को दे दिया। नवीन ने
अश्लील भाषा का प्रयोग किया और परिवार को जान से मारने व घर से उठाने की धमकी दी। पुलिस
जांच में पता चला है कि नवीन शर्मा गांव सुलचानी का रहने वाला है। नारनौंद थाना पुलिस
ने काउंसलर समेत दो लोगों के पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर