हिसार : चार नए सोलर प्लांट शुरू, डीएचबीवीएन की कुल क्षमता 54.25 मेगावाट पहुंची : विक्रम सिंह

 


हिसार, 02 अप्रैल (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली

वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के नेतृत्व में निगम ने अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र

में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए चार नए सोलर पावर प्लांट सफलतापूर्वक

शुरू कर दिए हैं। ये प्लांट भिवानी सर्कल के अंतर्गत गांव मिरान (33 केवी सब-स्टेशन

दरियापुर), गांव भुढेरी (33 केवी सब-स्टेशन पहाड़ी नक्कीपुर) तथा हिसार सर्कल के गांव

उमरा (33 केवी सब-स्टेशन उमरा) में स्थापित किए गए हैं। इन सभी प्लांट्स की संयुक्त

उत्पादन क्षमता 8 मेगावाट है। इसके साथ ही डीएचबीवीएन के संचालित सोलर प्लांट्स की

संख्या बढ़कर 32 हो गई है, जबकि कुल स्थापित क्षमता 54.25 मेगावाट तक पहुंच गई है।

यह उपलब्धि हरियाणा के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों

को हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। डीएचबीवीएन लगातार हरित

ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत कर रहा

है।

निगम के अनुसार, वर्तमान में 61 सोलर पावर प्लांट्स

के साथ पावर परचेज एग्रीमेंट साइन किए जा चुके हैं, जिनकी कुल प्रस्तावित क्षमता

105.75 मेगावाट है। डीएचबीवीएन द्वारा इन परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने

के लिए लगातार निगरानी और प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्वच्छ ऊर्जा को बिजली ग्रिड

में सुचारु रूप से जोड़ा जा सके।

हर नए प्रोजेक्ट के साथ डीएचबीवीएन नवीकरणीय

ऊर्जा के क्षेत्र में नए मानक स्थापित कर रहा है और प्रदेश में सतत विकास तथा पर्यावरणीय

संतुलन को बढ़ावा दे रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर