हांसी-भिवानी मार्ग पर पर कैंटर से टकराई रोडवेज बस, कंडक्टर सहित चार घायल
करीब 60 यात्री थे सवार, बस का अगला शीशा टूटा
हांसी, 21 अक्टूबर (हि.स.)। हांसी-भिवानी रोड
पर रोहतक-हांसी रेलवे लाइन पार करने के बाद हरियाणा रोडवेज की बस सड़क किनारे खड़े
कैंटर से टकरा गई। हादसे में बस का अगला शीशा टूट गया और कंडक्टर गजेंद्र सहित करीब
तीन से चार यात्रियों को चोटें आईं। घायलों को हांसी के सामान्य अस्पताल में भर्ती
करवाया गया। हादसे के समय बस में करीब 60 यात्री सवार थे। टक्कर के बाद यात्रियों में
अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस हिसार से चरखी दादरी
जा रही थी। चालक रामपाल ने बताया कि वह बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हिसार से बस लेकर
रवाना हुआ था। ढाणी कुशाल से आगे रोहतक-हांसी रेलवे लाइन पार करने के बाद पीछे से आ
रही एक कार को बचाने के प्रयास में उसे बस मोड़नी पड़ी। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े
कैंटर का बाहर निकला हुआ कोना बस से टकरा गया। टक्कर से बस का अगला शीशा टूट गया और
कुछ यात्रियों को चोटें आईं।
कैंटर मालिक संजय के अनुसार, उनका चालक सिकंदरपुर
निवासी अंकित कैंटर को सड़क किनारे खड़ा करके खाना खाने के लिए घर गया हुआ था। इसी
दौरान रोडवेज बस ने कैंटर को टक्कर मार दी, जिससे कैंटर सड़क से करीब दो से तीन फीट
नीचे उतर गया और उसे काफी नुकसान पहुंचा।
संजय ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से करीब 10 मीटर
पीछे ब्रेकर है। उनके अनुसार, रोडवेज बस तेज गति से आ रही थी और ब्रेकर पार करने के
बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिससे हादसा हुआ। वहीं, बस चालक ने कार को बचाने
के प्रयास में दुर्घटना होने की बात कही है।
हादसे की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके
पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। बवानी खेड़ा पुलिस ने भी घटनास्थल पर
पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हादसे के
वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर