सिरसा: चार नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 15 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए जिले क्षेत्र से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन व अफीम बरामद की गई है। सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने रविवार को बताया पुलिस टीम गांव रघुआना से बड़ागुढ़ा की तरफ गश्त कर रही थी।
इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी युवक के कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान जसवंत सिंह के रूप में हुई। सीआईए पुलिस की एक अन्य टीम ने गांव आनंदगढ़ क्षेत्र से गुरलाल सिंह को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है।
इसके अलावा नाथूसरी चौपटा पुलिस ने गांव हंजीरा से बाइक सवार युवक अशोक कुमार को करीब 17 ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल सेल प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान नाथूसरी चौपटा से होते हुए गांव गांव हंजीरा की तरफ जा रही थी। गांव हंजीरा के नजदीक बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार युवक का पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी युवक के कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने बाइक सवार रवि कुमार को अफीम सहित सिरसा शहर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर आरोपी युवक के कब्जे से करीब सौ ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा निवासी रवि कुमार के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma