सिरसा: चार नशा तस्कर गिरफ्तार, चूरापोस्त व हेरोइन बरामद

 


सिरसा, 13 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से चार तस्करोंं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हेरोइन व चूरापोस्त बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रविंद्र कुमार, सतपाल, कुलदीप सिंह व गुरमुख सिंह के रूप में हुई है। एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी सिरसा प्रभारी ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम गांव बेगू में नाकाबंदी के दौरान मौजूद थी। इसी दौरान सामने से एक व्यक्ति प्लास्टिक का थैला लेकर पैदल आता दिखाई दिया, जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र खिसकने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रविंद्र कुमार के रूप में हुई है।

इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने गांव भागसर क्षेत्र से सतपाल को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। सीआईए डबवाली पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को नौ ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान कुलदीप सिंह व गुरमुख सिंह के रूप में हुई। पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान कालांवाली क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर उन्हें काबू कर तलाशी ली तो उनके कब्जे से नौ ग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma