सिरसा: चार नशा तस्कर गिरफ्तार, लाखों की हेरोइन बरामद
सिरसा, 30 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान बलकार सिंह, जगसीर सिंह, मनप्रीत सिंह व रमनदीप के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि पुलिस डबवाली क्षेत्र के पक्का शहीदा नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गए।
पुलिस ने बाइक सवार युवकों का पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से 16 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान बलकार सिंह व जगसीर सिंह के रूप में हुई। इसके अलावा पुलिस ने रानियां कस्बा के नानुआना रोड क्षेत्र से एक युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमनदीप के रूप में हुई है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान नानुआना रोड क्षेत्र में मौजूद थी।
इसी दौरान एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से नौ ग्र्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रमनदीप के रूप में हुई। चौटाला पुलिस चौकी ने हेरोइन बरामदगी के मामले में वांछित नशा तस्कर मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। आपराधिक रिकार्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ लड़ाई झगड़े, हत्या, गैर इरादतन हत्या के चार अभियोग डबवाली पुलिस थाना में पहले से दर्ज है ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma