सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 31 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र में नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी शंकर, अजय, तरसेम व अर्शदीप के रूप में हुई है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान सिरसा शहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान देवीलाल पार्क के सामने से बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए, जो कि पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक बाइक को वापस मोडक़र भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर युवकों की तलाशी ली, तो उनके कब्जे से 42 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीआईए कालांवाली पुलिस ने मंडी कालांवाली क्षेत्र से बाइक सवार युवक तरसेम सिंह को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा सीआईए कालांवाली ने हेरोइन तस्करी के मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर आरोपी अर्शदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बीते दिवस बाइक सवार राजेश कुमार व राकेश कुमार हेरोइन सहित काबू किया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अर्शदीप ने हेरोइन सप्लाई की, जिस पर पुलिस ने महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma