सिरसा: मध्यप्रदेश से लाई जा रही नशे की खेप पकड़ी, चार तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 23 मई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से नशे की एक बड़ी खेप पकड़ी है। नशे की यह खेप मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी और इसे सिरसा जिला क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। पुलिस के अनुसार पकड़े गए चूरापोस्त की कीमत लाखों रुपये आकी गई है। पुलिस ने मौके से चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम प्रभारी रविंदर कुमार के नेतृत्व महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-नौ स्थित पतली डाबर के समीप नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया हुआ था। इसी दौरान पुलिस टीम को बस स्टैंड पर दो प्लास्टिक कट्टों के साथ चार युवक खड़े दिखाई दिए। दोनों कट्टों की तलाशी लेने पर 52 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ, जिसकी बाजारीकीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी जसकरण सिंह गुरदेव सिंह, अमृतपाल तथा फौजी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद चूरापोस्त बस एवं ट्रेन के माध्यम से मध्य प्रदेश से लाया गया था तथा इसे ऐलनाबाद एवं आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था। आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma