हांसी में गैंग बनाने की तैयारी में जुटे चार बदमाश हथियारों समेत गिरफ्तार, सप्लायर भी दबोचा

 


मां की हत्या से लेकर आपराधिक वारदातों तक की

थी तैयारी

4 अवैध पिस्तोल-कट्टे और 22 जिंदा कारतूस बरामद,

हथियार सप्लायर पहले रह चुका है पांच हजार का इनामी

हांसी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। हांसी में आपराधिक

गैंग खड़ा कर वारदातों को अंजाम देने की तैयारी का खुलासा हुआ है। सीआईए-1 ने हथियार

सप्लायर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार अवैध पिस्तोल व देशी कट्टे

और 22 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आपस में संपर्क

में थे और हथियार जुटाकर गैंग बनाने की तैयारी कर रहे थे। इनमें एक आरोपी अपनी मां

की हत्या की योजना बना रहा था, जबकि अन्य आरोपी हथियारों के बल पर आपराधिक वारदातों

की तैयारी में थे।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बुधवार काे पत्रकार वार्ता

में बताया कि मामले की शुरुआत विकास नगर हांसी निवासी सिकंदर व इसी

क्षेत्र में रह रहे यूपी के अलीगढ़ जिले के नगला खेम निवासी आशीष की गिरफ्तारी से हुई।

थाना शहर हांसी में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।

इनके कब्जे से दो अवैध देशी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सामने

आया कि सिकंदर ने दोनों कट्टे और कारतूस आशीष से खरीदे थे। पुलिस के अनुसार वह इन हथियारों

का इस्तेमाल अपनी मां की हत्या करने और आपराधिक गैंग बनाने के लिए करना चाहता था।

एसपी के अनुसार पूछताछ में यह भी सामने आया कि

सिकंदर ने एक देशी कट्टा अपने दोस्त चार कुतुब गेट निवासी आर्यन को दे दिया था। इसके

बाद सीआईए-1 ने आर्यन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध देशी कट्टा बरामद किया। पुलिस

के अनुसार आर्यन ने सिकंदर के साथ आपराधिक गैंग बनाने के उद्देश्य से हथियार लिया था।

जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को मंडी आदमपुर निवासी

एवं चार कुतुब गेट हांसी की रेगर बस्ती में रह रहे विजय के बारे में जानकारी मिली।

उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 32 बोर की अवैध देशी पिस्तोल और 20 जिंदा

कारतूस बरामद हुए। पुलिस के अनुसार विजय पहले से आपराधिक मामलों में नामजद है। उसके

खिलाफ आदमपुर थाना में हत्या के प्रयास, लूट-डकैती

और लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामले दर्ज हैं। पूछताछ में विजय के भी सिकंदर के संपर्क में

आने की बात सामने आई। पुलिस के अनुसार उसने हथियार सप्लायर आशीष से पिस्तोल और 20 कारतूस

लिए थे। आरोपी इन हथियारों के जरिए आपराधिक गैंग बनाकर वारदातों को अंजाम देने की तैयारी

में था।

पुलिस के अनुसार आशीष के खिलाफ हांसी शहर थाना

में वर्ष 2021 में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। उसके खिलाफ अवैध असलाह सप्लाई और

हत्या से संबंधित मामले भी दर्ज रहे हैं। वह पूर्व में पांच हजार रुपये का इनामी रह

चुका है और सीआईए-1 हांसी उसे पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। सीआईए-1 प्रभारी उप निरीक्षक

प्रदीप कुमार की टीम की कार्रवाई में सामने आए इस नेटवर्क की जांच अब हथियारों की सप्लाई

के स्रोत और आरोपियों के अन्य संपर्कों तक पहुंचाने पर केंद्रित है। पुलिस यह भी पता

लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इन हथियारों के जरिए किन वारदातों को अंजाम देने

की योजना बनाई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर