सिरसा:भांजे ने रची मामी को लूटने की साजिश, चार साथी काबू
सिरसा, 21 जून (हि.स.)। जिले के कालांवाली में महिला को घर में बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी व आभूषण लूटपाट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। घटना का मास्टर माइंड महिला का भांजा निकला, जो बैंक से पैसे निकलवाने साथ गया था। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि मास्टर माइंड अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
बीती 19 जून को शाम को कालांवाली निवासी महिला मनजीत कौर घर पर अकेली थी। इस दौरान बदमाश इन्वर्टर मैकेनिक बनकर महिला के घर में घुस गए और महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसकर व बंधक बनाकर मारपीट की।
घटना के दौरान आरोपी महिला को जान से मारने की धमकी देकर तीन लाख 50 हजार रूपये, सोने की बालियां, चांदी का कड्डा और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार महिला मनजीत कौर का सगा भांजा शेरी ही लूट का मास्टर माइंड निकला। शेरी गांव सुखचैन में सुनार की दुकान करता है। महिला मनजीत कौर को पति की मौत के बाद दीन दयाल योजना के तहत रुपये आए थे, जिसे निकलवाने के लिए वह अपने भांजे शेरी को साथ लेकर गई थी। इन रुपयों को देखकर शेरी के मन में लालच आ गया और उसने अपने चार साथियों को लूट की योजना बनाकर भेजा था। पकड़े गए चार आरोपियों में मनी व विक्की दो सगे भाई है।
दोनों भाई कालांवाली में सैलून का काम करते हैं। जबकि कुलबीर मजदूरी का काम करता है और एक नाबालिग है। आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। सीआईए इंचार्ज शैलेंद्र कुमार ने रविवार शाम को बताया कि उक्त मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है और चार आरोपियों को काबू कर लिया है। लूट के मास्टर माइंड शेरी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma