हिसार : चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने वाले चार आरोपी गिरफ्तार
हिसार, 05 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने वर्ष 2018 में कोर्ट परिसर की पार्किंग
से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले को आठ साल बाद सुलझाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार
किया है। आरोपियों पर चोरी की मोटरसाइकिल को एक-दूसरे से आगे खरीदने का आरोप है। पुलिस
ने उनके कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस चौकी कोर्ट परिसर के प्रभारी एएसआई महेंद्र सिंह ने गुरुवार काे बताया कि 23 अगस्त
2018 को विनोद नगर की गली नंबर-6 निवासी शिव कुमार ने शिकायत दी थी कि वह कोर्ट में
कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है। वह सुबह अपनी मोटरसाइकिल कंपनी की पार्किंग में
खड़ी कर ड्यूटी पर चला गया था। शाम को लौटने पर मोटरसाइकिल गायब मिली। शिकायत पर थाना
में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता और अन्य साक्ष्यों के आधार
पर पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल की खरीद-फरोख्त की कड़ियां जोड़ीं। जांच में सामने आया
कि चोरी होने के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल एक-दूसरे से आगे खरीदी और अपने पास रखी
हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल बरामद
कर ली।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दुर्जनपुर निवासी सुरेंद्र, फतेहाबाद जिले के भीमे
वाला निवासी सुनील व पिरथला निवासी रमनदीप और विशाल के रूप में हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर