हांसी : भाखड़ा पाइपलाइन पर अवैध 'टी' लगाने में संलिप्त पूर्व सरपंच गिरफ्तार

 




रामायण टोल प्लाजा से हांसी पुलिस ने दबोचा, पूछताछ जारी

मंत्री रणबीर गंगवा बोले- सरकार का उससे कोई लेना-देना नहीं

हांसी, 07 जुलाई (हि.स.)। बरवाला रोड स्थित गांव चानौत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन

पर कथित रूप से अवैध टी कनेक्शन लगाने के मामले में पिछले 17 दिन से फरार चल रहे मुख्य

आरोपी एवं पूर्व सरपंच सोमेश शर्मा को सदर थाना पुलिस ने रामायण टोल प्लाजा से गिरफ्तार

कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमेश शर्मा कुछ साथियों के साथ मंगलवार दाेपहर काे हिसार से दिल्ली

की ओर जा रहा था कि इसी दौरान सदर थाना पुलिस ने उसे टोल प्लाजा पर रोककर हिरासत में

ले लिया। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए

लगातार दबिश दे रही थी।

पुलिस के अनुसार, सोमेश शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

जांच अधिकारी ने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से मामले के हर पहलू पर गहनता

से पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान विशेष रूप से यह पता लगाया जाएगा कि घटना में इस्तेमाल

की गई 'टी' (टी-कनेक्शन) कहां से लाई गई थी, जेसीबी और हाइड्रा मशीनें किसने उपलब्ध

करवाई थी तथा पूरे घटनाक्रम में किन-किन लोगों की संलिप्तता थी और उनकी क्या भूमिका

रही।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी

सामने आ सकते हैं। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके

खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हांसी पुलिस का मानना है कि सोमेश शर्मा की गिरफ्तारी से मामले की जांच को

महत्वपूर्ण दिशा मिलेगी और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की संभावना

है। बता दें कि सोमेश शर्मा खुद को भाजपा नेता बताता रहा है और उसकी कई वरिष्ठ भाजपा

नेताओं के साथ तस्वीरें भी सामने आती रही हैं। हालांकि, हरियाणा सरकार में लोक निर्माण

एवं जनस्वास्थ्य मंत्री रणबीर गंगवा पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सोमेश शर्मा का

सरकार से कोई संबंध नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर