कैथल: पूर्व विधायक सतविंद्र राणा का निधन, तीन दशक तक रहे हरियाणा की राजनीति में सक्रिय

 


कैथल, 21 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की राजनीति में तीन दशक से अधिक समय तक सक्रिय रहे पूर्व विधायक सतविंद्र राणा (68) का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने पंचकूला के एक निजी अस्पताल में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। उनके चचेरे भाई राकेश राणा ने उनके निधन की पुष्टि की।

राणा के निधन की खबर से उनके समर्थकों, परिचितों और राजनीतिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सतविंदर राणा अपने पीछे पत्नी मंजू राणा, बेटे अरुण राणा और बेटी आरती राणा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका बेटा चंडीगढ़ में निजी व्यवसाय करता है, जबकि बेटी अमेरिका में रहती हैं। दोनों संतानें विवाहित हैं। शनिवार काे उनके पैतृक गांव राजाैंद में राणा अंतिम संस्कार किया गया। बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। इस दौरान हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी, कैथल के विधायक आदित्य सुरजेवाला, असंध के विधायक योगेंद्र राणा व कई नेता शामिल हुए।

सतविंद्र राणा का राजनीतिक सफर कई उतार-चढ़ावों से भरा रहा। उन्होंने राजौंद विधानसभा क्षेत्र से अपनी राजनीतिक पहचान बनाई और दो बार विधायक बनकर क्षेत्र का विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1996 में उन्होंने तिवारी कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतकर पहली बार विधानसभा में प्रवेश किया, जबकि वर्ष 2005 में दूसरी बार विधायक बने। खास बात यह रही कि वर्ष 1991 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने के बावजूद उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उस चुनाव में वे जनता पार्टी के रामकुमार कटवाल से 2,619 वोटों से पिछड़ गए थे।

परिसीमन के बाद राजौंद विधानसभा क्षेत्र समाप्त हो गया और इसके गांव अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में शामिल कर दिए गए। इसके बाद राणा ने कालका को अपना नया राजनीतिक क्षेत्र बनाया। उन्होंने वर्ष 2009 और 2014 में कालका विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन दोनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने कांग्रेस छोड़कर जननायक जनता पार्टी (जजपा) का दामन थाम लिया और कलायत विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे। इस चुनाव में उन्हें करीब 37 हजार वोट मिले और वे तीसरे स्थान पर रहे। उल्लेखनीय है कि राजौंद क्षेत्र के कई गांव परिसीमन के बाद कलायत विधानसभा क्षेत्र में शामिल हो गए थे।

शराब चोरी के मामले से जुड़ा नाम

सतविंद्र राणा का नाम मई 2020 में शराब गोदाम से शराब चोरी के मामले में भी सुर्खियों में आया था। पानीपत के समालखा में सील किए गए शराब गोदाम से शराब चोरी के मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें चंडीगढ़ के सेक्टर-3 स्थित विधायक हॉस्टल के पास से गिरफ्तार किया था। जांच में गोदाम में उनकी साझेदारी की बात सामने आई थी। राणा ने इस मामले को राजनीतिक साजिश बताया था। बाद में अदालत ने उन्हें इस मामले में बरी कर दिया था।

जजपा छोड़कर फिर कांग्रेस में की थी वापसी

करीब तीन दशक तक कांग्रेस में सक्रिय रहने के बाद वर्ष 2019 में जजपा में शामिल हुए राणा ने अप्रैल 2024 में पार्टी छोड़ दी थी। उन्होंने पार्टी में कार्यकर्ताओं, नेताओं और किसानों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया था। इसके बाद 11 मई 2024 को रणदीप सिंह सुरजेवाला की मौजूदगी में उन्होंने दोबारा कांग्रेस में वापसी की थी। वर्ष 1982 से 2014 तक कांग्रेस में रहे राणा की करीब 12 साल बाद पार्टी में वापसी हुई थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे