कैथल: विदेश में रह रहे जानकार का नाम लेकर 3.40 लाख की साइबर ठगी
कैथल, 03 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर ठगों ने विदेश में रह रहे एक जानकार का नाम लेकर गांव बीर बांगड़ा निवासी युवक से तीन लाख 40 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले व्हाट्सएप पर विदेश से पैसे भेजने की बात कही और इसके बाद साढ़े आठ लाख रुपये जमा होने की फर्जी रसीद भेज दी। फिर बैंक अधिकारी बनकर खाते में रकम आने की बात कहकर पीड़ित को भरोसे में लिया गया। बाद में एक अन्य व्यक्ति को पैसे देने के नाम पर उससे 3.40 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए। इस संबंध में रामबीर की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामबीर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 अगस्त को उसके व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने विदेश में रह रहे उसके जानकार सुखविंद्र का नाम लेते हुए उससे बात की। बातचीत के दौरान आरोपी ने कहा कि वह कुछ दिनों बाद भारत आएगा और तब तक कुछ रुपये उसके पास भेज रहा है। भारत आने के बाद वह उससे पैसे ले लेगा।
बातचीत के कुछ समय बाद उसके व्हाट्सएप पर साढ़े आठ लाख रुपये की एक रसीद भेजी गई। इससे उसे विश्वास हो गया कि वास्तव में विदेश से उसके खाते में पैसे भेजे गए हैं। इसके कुछ देर बाद दूसरे नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताते हुए पूछा कि क्या उसके खाते में विदेश से पैसे आए हैं। पीड़ित ने हां में जवाब दिया तो उसे बताया गया कि रकम 24 घंटे के भीतर उसके खाते में पहुंच जाएगी।
इसके बाद ठगों ने कहानी में एक और कड़ी जोड़ दी। फोन करने वाले ने कहा कि भारत में उनके एक दोस्त को तत्काल पैसों की जरूरत है और सुखविंद्र ने उसे तीन लाख 40 हजार रुपये देने के लिए कहा है। पीड़ित ने व्हाट्सएप पर सुखविंद्र से भी इस बारे में पूछा। वहां से भी पैसे देने के लिए कहे जाने के बाद उसने आरोपियों द्वारा बताए गए खाते में तीन लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब उसे ठगी का पता चला तो उसने पुलिस से शिकायत की। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई नरेश कुमार को सौंप दी है। पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे