जींद: खफा दामाद ने दादी सास को पीटा, हवाई फायर भी किया
जींद, 28 अक्टूबर (हि.स.)। गांव निडानी में मासूम बेटे को लेने पहुंचे दामाद ने अपनी दादी सास के साथ मारपीट की और अपने पास मौजूद असलहा से हवाई फायर कर हडकंप मचा दिया। घटना की सूचना मिलने पर बुधवार काे सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घायल दादी सास की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मारपीट करने, दहशत फैलाने, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव निडानी निवासी केला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पौती गांव सिवाहा निवासी साहिल के साथ चार साल से विवाहित है। जिनका तीन साल का बेटा भी है। उसकी पौती पति के साथ अनबन के चलते बेटे के साथ पिछले तीन माह से उनके पास गांव निडानी में रह रही है। मामला अदालत में विचाराधीन है। मंगलवार को साहिल उनके घर आया और दादा ससुर सतबीर के साथ गाली गलौज की। घटना के दौरान वह अपने दोहते को लेकर पड़ोसी के मकान के बाहर बैठी हुई थी।
आरोपित साहिल उसके पास आया और उसके दोहते को छीनने लगा। जब उसने विरोध किया तो आरोपित ने उसके साथ मारपीट की। आरोपित ने अपने पास मौजूद असलहा से हवाई फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुन कर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को इक्कठा होता देख आरोपित धमकी देते हुए फरार हो गया। चोटों के चलते परिजनों ने उसे अस्पताल में भरती करवाया। सदर थाना पुलिस ने केला देवी की शिकायत पर आरोपित साहिल के खिलाफ मारपीट करने, दहशत फैलाने, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बुधवार को जानकारी देते हुए सदर थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि महिला ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी थी। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा