पानीपत: सात साल बाद भी फ्लाईओवर का काम अधूरा,ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
पानीपत, 03 मई (हि.स.)। पानीपत की तहसील समालखा से मनाना गांव को जोड़ने वाले फ्लाईओवर को बनाने में सात साल लग गए लेकिन फ्लाईओवर अभी तक तैयार नहीं हुआ। इस देरी के कारण नाराज ग्रामीणों ने रविवार को जीटी रोड से मनाना जाने वाले मार्ग को जाम कर दिया। 17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस फ्लाईओवर के निर्माण में हो रही देरी के विरोध में दर्जनों ग्रामीणों ने सरकार और पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लगभग एक घंटे तक जाम लगाए रखा।
ग्रामीणों का कहना है कि फ्लाईओवर का निर्माण कार्य सात साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक केवल 20 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है। इस देरी से मनाना के अलावा ढोढपूर, नरायणा, वजीरपुर, टिटाना और डिडवाडी सहित आधा दर्जन गांव प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि समालखा पहुंचने के लिए अब किवाना होकर 12 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है।
बस मार्ग बंद होने से स्कूली बच्चों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है और वे समय पर स्कूल नहीं पहुंच पाते। सरपंच पति प्रवीण व संदीप राठी, अन्य ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि फ्लाईओवर का निर्माण शीघ्र शुरू नहीं हुआ तो वे दोबारा सड़क जाम करेंगे। उन्होंने बताया कि सोमवार को वे उपायुक्त और उप-मंडल मजिस्ट्रेट से मिलकर अपनी मांग रखेंगे। ग्रामीणों द्वारा रोड जाम करने की सूचना मिलते ही इसराना थाना प्रभारी दीपक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा